
गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज़ ग्लेन फिलिप ने माना कि आईपीएल क्वालिफायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 92 रन की करारी हार में स्कोरबोर्ड का दबाव और खराब फील्डिंग टीम पर भारी पड़ी। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि टीम जल्द वापसी करेगी और शुक्रवार के क्वालिफायर 2 से पहले अपनी गलतियों को सुधार लेगी।
रजत पाटीदार की 33 गेंदों में नाबाद 93 रन की तूफानी पारी की बदौलत RCB ने 254/5 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम बढ़ते दबाव के सामने टिक नहीं सकी और 162 रन पर ऑलआउट हो गई।
हालांकि फिलिप इस मैच में नहीं खेले, लेकिन उन्होंने कहा कि RCB के शुरुआती विकेट लेने के बाद लक्ष्य और मुश्किल हो गया।
उन्होंने कहा, “250 रन का लक्ष्य किसी भी दिन आसान नहीं होता, जब तक सब कुछ आपके पक्ष में न जाए। 250 रन का पीछा करते समय स्कोरबोर्ड का बहुत दबाव होता है और बहुत कम टीमें ऐसा कर पाती हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम मैदान पर पूरा प्रयास करने उतरे थे। लेकिन जब आप 250 रन का पीछा कर रहे होते हैं, तो हर चीज़ सही होनी चाहिए और आज ऐसा नहीं हुआ।”
फिलिप का मानना था कि इतने बड़े स्कोर के बावजूद पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी।
उन्होंने कहा, “रजत और RCB के बाकी बल्लेबाजों ने इस पिच पर काफी रन बनाए। लेकिन राहुल तेवतिया की पारी से भी साफ था कि दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी करना संभव था।”
न्यूज़ीलैंड के इस खिलाड़ी ने गुजरात की खराब फील्डिंग को मैच का बड़ा कारण बताया। खासतौर पर रजत पाटीदार का कैच छूटना टीम को भारी पड़ा। उस समय पाटीदार सिर्फ 20 रन पर थे।
फिलिप्स ने कहा, “खासकर प्लेऑफ जैसे मैचों में फील्डिंग बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। आप अच्छी गेंदबाजी और बल्लेबाजी कर सकते हैं, लेकिन अगर फील्डिंग खराब हो तो मैच हार जाएंगे। रजत ने आज हमें इसकी बड़ी कीमत चुकवाई। अगर आप कैच नहीं पकड़ेंगे तो मैच नहीं जीत सकते।”
हालांकि उन्होंने कहा कि समस्या सिर्फ तकनीक की नहीं, बल्कि मानसिकता की भी थी।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह फील्डिंग से ज्यादा मानसिकता का मामला है। खिलाड़ियों में यह इच्छा होनी चाहिए कि वे गेंद की तरफ जाएं और कुछ खास करें।”
फिलिप ने यह भी कहा कि प्लेऑफ फॉर्मेट की वजह से GT को एक और मौका मिला है और टीम जल्द वापसी करेगी।
उन्होंने कहा, “कभी-कभी ऐसी बड़ी हार से बाहर निकलना आसान होता है। अगर आप एक-दो रन से हारते हैं तो बार-बार सोचते रहते हैं कि कहां गलती हुई। लेकिन जब आप मुकाबले में कहीं नजर ही नहीं आते, तो आप बस यह मान लेते हैं कि आज हमारा दिन नहीं था। इसका मतलब यह नहीं कि अगले मैच में भी ऐसा ही होगा।”
उन्होंने टी20 क्रिकेट की अनिश्चितता को भी इस हार की वजह बताया।
फिलिप ने कहा, “अगर हर खिलाड़ी का दिन खराब हो जाए, तो पूरी टीम का दिन खराब बन जाता है। लेकिन यही चीज़ अगले मैच में उलट भी सकती है, जब हर खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करे।”
अब गुजरात टाइटंस का सामना क्वालिफायर 2 में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच के विजेता से होगा।








