
पूर्व भारतीय कप्तान डायना एडुल्जी का मानना है कि महिला टी20 विश्व कप में भारत की सफलता काफी हद तक सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की फॉर्म पर निर्भर करेगी।
भारत ने विश्व कप से पहले मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 1-2 से गंवाई है। इस सीरीज में स्मृति मंधाना ने केवल 40 रन और शेफाली वर्मा ने 35 रन बनाए, जिससे दोनों की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है।
पीटीआई वीडियो से बातचीत में डायना एडुल्जी ने कहा, “हालांकि यह हमारे लिए अच्छी सीरीज नहीं रही और हम 2-1 से हार गए, लेकिन हमें अपनी ओपनिंग साझेदारी पर ध्यान देने की जरूरत है।”
उन्होंने आगे कहा, “स्मृति और शेफाली को जल्द से जल्द फॉर्म में लौटना होगा। जब ये दोनों रन बनाने लगेंगी, तो मुझे लगता है कि इससे भारत को टी20 विश्व कप जीतने में मदद मिलेगी।”
एडुल्जी ने कहा कि टी20 क्रिकेट बेहद अनिश्चित प्रारूप है, इसलिए किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। भारत को ग्रुप-1 में छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के साथ रखा गया है।
उन्होंने कहा, “विश्व कप में आने वाली सभी टीमें मजबूत हैं। आप किसी भी ग्रुप में हों, उस दिन अच्छा खेलना जरूरी है। टी20 ऐसा प्रारूप है जिसमें उस दिन बेहतर खेलने वाली टीम जीत सकती है। चाहे वह सबसे मजबूत टीम हो या सबसे कमजोर।”
एडुल्जी ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम का समर्थन करते हुए कहा कि टीम को पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने से मिले आत्मविश्वास को आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “महिलाओं की टीम के लिए लगातार विश्व कप जीतना जरूरी है, ठीक वैसे ही जैसे पुरुष टीम ने किया है। नवंबर 2025 में विश्व कप जीतने के बाद महिला क्रिकेट की तस्वीर इस देश में पूरी तरह बदल गई है।”
टी20 क्रिकेट की अनिश्चितता पर बात करते हुए एडुल्जी ने कहा, “टी20 थोड़ा कठिन प्रारूप है क्योंकि आप दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम हों, लेकिन फिर भी बल्लेबाजी या गेंदबाजी में एक-दो खराब ओवर पूरे मैच का रुख बदल सकते हैं।”
भारत का विश्व कप अभियान 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होगा। हालांकि एडुल्जी को नहीं लगता कि यह मुकाबला उतना कड़ा होगा जितनी चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि महिला क्रिकेट में पाकिस्तान के पास हमारे खिलाफ ज्यादा मौका है। मैच को लेकर हमेशा की तरह काफी चर्चा है, लेकिन हम उनसे कहीं बेहतर टीम हैं। इतने वर्षों में हमने उनसे सिर्फ एक मैच हारा है और मुझे लगता है कि हम आसानी से जीतेंगे।”
एडुल्जी ने 10 जुलाई को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र महिला टेस्ट मैच को भी ऐतिहासिक बताया। यह पहली बार होगा जब लॉर्ड्स में महिला रेड-बॉल टेस्ट मैच खेला जाएगा।
उन्होंने कहा, “यह भारतीय महिला क्रिकेट और पूरे महिला क्रिकेट जगत के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा। लॉर्ड्स दुनिया का सर्वश्रेष्ठ मैदान है, इसे क्रिकेट का मक्का मदीना कहा जाता है।”
एडुल्जी ने अपने पुराने अनुभव को याद करते हुए कहा कि 1986 के भारत दौरे के दौरान उन्हें महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के कारण लॉर्ड्स पैवेलियन में जाने नहीं दिया गया था।
उन्होंने कहा, “यह बहुत अच्छी बात है और मैं उम्मीद करती हूं कि हमारी खिलाड़ी वहां मिलने वाले चार-पांच दिनों का पूरा फायदा उठाएंगी और जीत के साथ वापस लौटेंगी।”








