
युवा बल्लेबाज़ साई सुदर्शन का कहना है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के भरोसे ने उन्हें मानसिक रूप से काफी सुरक्षा दी है और अब वे मैदान पर पूरी आज़ादी के साथ खुद को एक्सप्रेस कर पा रहे हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले गंभीर ने साफ कर दिया था कि तमिलनाडु के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज़ को लंबा मौका दिया जाएगा, क्योंकि किसी खिलाड़ी की क्षमता को केवल छह टेस्ट मैचों के आधार पर नहीं परखा जा सकता।
सुदर्शन ने पहले ही दिन शानदार 81 रन की पारी खेलकर कोच के भरोसे का जवाब दिया।
पहले दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुदर्शन ने कहा, “इससे आपको बहुत आज़ादी मिलती है। जब कोच, टीम और कप्तान आपका समर्थन करते हैं, आप पर भरोसा जताते हैं और चाहते हैं कि आप देश और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करें तथा मैच जिताएं, तो यह अपने आप में बहुत बड़ा सम्मान है।”
उन्होंने आगे कहा, “इससे आपको अपना सर्वश्रेष्ठ देने की स्वतंत्रता मिलती है। फिर यह सोचने की जरूरत नहीं पड़ती कि अगला मैच खेलूंगा या नहीं। ऐसी कोई चिंता मन में नहीं आती क्योंकि टीम की ओर से पूरा भरोसा मिलता है। यह वास्तव में सुखद अनुभव है।”
सुदर्शन और केएल राहुल ने दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसमें सुदर्शन ने 81 रन बनाए। हालांकि उन्होंने कहा कि साझेदारी में किसी एक के हावी होने की बात नहीं थी।
उन्होंने कहा, “हमारी बातचीत का मुख्य उद्देश्य यह समझना था कि विकेट कैसा व्यवहार कर रहा है, गेंदबाज़ क्या कर रहे हैं और मैच की स्थिति क्या है।”
“केएल भाई के साथ बल्लेबाज़ी करते समय बहुत आत्मविश्वास मिलता है। वे खेल को बहुत अच्छी तरह समझते हैं और लगातार उपयोगी सुझाव देते रहते हैं, जो बल्लेबाज़ी में काफी मदद करते हैं।”
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ स्पिन-अनुकूल पिचों पर भारतीय बल्लेबाज़ों को परेशानी हुई थी। ऐसे में इस मैच से पहले टीम की चर्चा सिर्फ विकेट पर समय बिताने की नहीं, बल्कि स्पिन के खिलाफ बेहतर बल्लेबाज़ी करने की थी।
सुदर्शन ने कहा, “सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर थी कि हम स्पिन को कितनी अच्छी तरह खेल सकते हैं, परिस्थितियों को कैसे समझ सकते हैं और रन कैसे बना सकते हैं। सिर्फ समय बिताने की सोच नहीं थी।”
“व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखना था।”
उन्होंने आगे कहा, “रणनीति के तौर पर हम यह सोच रहे थे कि गेंदबाज़ों को कैसे परेशान किया जाए, कौन-कौन से विकल्प अपनाए जाएं ताकि स्कोरबोर्ड चलता रहे और दबाव हमेशा गेंदबाज़ों पर बना रहे, न कि हम सिर्फ रक्षात्मक होकर समय बिताते रहें।”
सुदर्शन का मानना है कि आने वाले दिनों में पिच पर स्पिनरों को और मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अगले दिनों में गेंद नियमित रूप से ज्यादा टर्न करेगी। पिच और धीमी होगी तथा गेंद नीचे भी रहेगी। अभी जिस तरह से विकेट व्यवहार कर रहा है, उससे यही महसूस होता है।”
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दिन भारत ने केएल राहुल (100), साई सुदर्शन (81), शुभमन गिल (नाबाद 103) और ऋषभ पंत (नाबाद 50) की पारियों की बदौलत 3 विकेट पर 368 रन बनाकर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है।








