मार्क वुड ने IPL का अजीब किस्सा सुनाया, मालिक ने भेजने को कहा था प्राइवेट प्लेन!

इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ मार्क वुड ने इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जिसमें उनकी फ्रेंचाइज़ी के मालिक ने उन्हें मैदान पर उतारने के लिए खास इंतज़ाम करने की पेशकश की थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि वुड को लाने और वापस भेजने के लिए अलग-अलग प्राइवेट प्लेन भेजे जाएंगे।

बीबीसी के ‘स्ट्रैटेजिक टाइमआउट’ पॉडकास्ट में बात करते हुए वुड ने बताया कि एक मैच से पहले उन्हें तेज़ बुखार था और वह बिल्कुल ठीक महसूस नहीं कर रहे थे। इसके बावजूद टीम मालिक उन्हें खेलने के लिए तैयार करना चाहते थे। उन्होंने यह भी बताया कि उनके लिए कई डॉक्टरों की व्यवस्था की गई थी।

वुड ने कहा, “करीब पांच मैचों के बाद मेरी तबीयत खराब हो गई थी और अगला मैच तीन दिन बाद था। हर आधे घंटे में डॉक्टर मेरे कमरे में आकर मेरी जांच कर रहे थे।

मुझे याद है एक दिन मालिक ने फोन किया और पूछा, ‘कैसा महसूस कर रहे हो? खेलने के लिए तैयार हो?’ मैंने कहा, ‘सच कहूं तो मैंने कुछ खाया-पिया नहीं है, मैं बिस्तर से भी नहीं उठ पा रहा।’ उन्होंने कहा, ‘हम एक और डॉक्टर भेजते हैं, हम ये करेंगे, वो करेंगे।’”

वुड ने आगे बताया कि मालिक ने उन्हें खेलने के लिए प्राइवेट प्लेन तक ऑफर कर दिया था।

“अगले दिन फिर मालिक का फोन आया, ‘कैसा महसूस कर रहे हो?’ मैंने कहा, ‘अभी भी ठीक नहीं हूं।’ तब उन्होंने कहा, ‘मैं प्राइवेट प्लेन भेजता हूं, तुम प्लेन में बैठो, मैच खेलो और फिर हम तुरंत दूसरे प्लेन से तुम्हें वापस बिस्तर पर पहुंचा देंगे।’”

इंग्लैंड के इस तेज़ गेंदबाज़ ने बताया कि उन्होंने इस ऑफर को लेकर गंभीरता से सोचा था और अपने पिता से भी सलाह ली, लेकिन अंत में उन्होंने इसे ठुकरा दिया।

वुड अपने आईपीएल करियर में अब तक दो टीमों के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक मैच खेला था और 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए चार मैचों में 11 विकेट लिए थे।