आईपीएल 2026: अजिंक्य रहाणे ने कोलकाता नाइट राइडर्स की वापसी का टर्निंग पॉइंट बताया!

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने रविवार को अपनी गेंदबाज़ी यूनिट की जमकर तारीफ की और कहा कि पिछले कुछ मैचों में उनकी निरंतरता ही टीम की जीत की असली वजह रही है। उन्होंने हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद को कम स्कोर पर रोकने और सात विकेट से मिली जीत का श्रेय गेंदबाज़ों को दिया।

सुनील नारायण (2/31) और वरुण चक्रवर्ती (3/36) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 19 ओवर में 165 रन पर समेट दिया। इसके बाद केकेआर ने 10 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

रहाणे ने मैच के बाद कहा, “बहुत अच्छा मैच रहा। जिस तरह हमने गेंदबाज़ी से वापसी की, वो शानदार था। लग रहा था कि वे 190-200 तक पहुंच जाएंगे, जो चेज करना मुश्किल होता। लेकिन हमारी गेंदबाज़ी यूनिट, खासकर स्पिनर्स ने विकेट निकालते हुए उन्हें रोक दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “ऐसे छोटे-छोटे मोमेंट बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। इस जीत से हम बहुत खुश हैं। पिछले 5-6 मैचों में गेंदबाज़ी यूनिट ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसका श्रेय हमारे गेंदबाज़ी कोच ड्वेन ब्रावो और टिम साउदी को जाता है। कभी-कभी रन पड़ते हैं, लेकिन दिमाग साफ होना जरूरी है। ब्रेक से पहले यह जीत हमारे लिए अहम थी।”

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 26 अप्रैल को जीत के बाद केकेआर खिलाड़ियों ने थोड़ा ब्रेक लिया था, ताकि वे तरोताजा होकर वापसी कर सकें।

रहाणे ने कहा, “हमने 2-3 प्रैक्टिस सेशन किए। मानसिक रूप से फ्रेश रहना जरूरी होता है। सपोर्ट स्टाफ ने बेहतरीन काम किया। भले ही हमने शुरुआती 5 मैच हारे, लेकिन माहौल शांत बना रहा।”

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने वरुण चक्रवर्ती ने लगातार चौथे मैच में कम से कम दो विकेट लिए।

रहाणे ने कहा, “मैं उनके लिए बहुत खुश हूं। वह हमेशा आत्मविश्वासी रहते हैं, कड़ी मेहनत करते हैं और उनका एटीट्यूड शानदार है। वह मुश्किल ओवरों में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”

लक्ष्य का पीछा करते हुए रहाणे (43 रन, 36 गेंद) और अंगकृष रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए 11 ओवर में 84 रन की साझेदारी की।

वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने माना कि उनकी टीम के बल्लेबाज़ हालात के अनुसार खुद को ढाल नहीं पाए, जिससे टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

कमिंस ने कहा, “आज हमारा दिन नहीं था। हमने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसके बाद हम उतने प्रभावी नहीं रहे। पहले 200 का लक्ष्य था, फिर 180 सोचा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हालात के अनुसार ढलना जरूरी होता है।”

उन्होंने आगे कहा, “पहले 8-10 ओवर शानदार थे, लेकिन केकेआर ने मैच-अप का अच्छा इस्तेमाल किया और दूसरे हाफ में हम कमजोर पड़ गए। पिच धीमी हो गई थी, हमें 180 का लक्ष्य रखना चाहिए था। अंतर बहुत छोटा था, हमने अच्छी कोशिश की, लेकिन कुछ छोटे अंतर हमारे खिलाफ गए।”

केकेआर की जीत लगभग तय हो चुकी थी, जब 17वें ओवर में रघुवंशी आउट हो गए।

रघुवंशी ने कहा, “मैं बस खुश हूं कि हमने मैच जीत लिया। जब मैं वापस जा रहा था, तो मैंने कोच को मेरे आउट होने के तरीके पर सिर हिलाते देखा। अभी भी सुधार की जरूरत है। फिन एलन और अजिंक्य भैया ने जो शुरुआत दी, उसके बाद बल्लेबाज़ी आसान हो गई थी। उनके साथ बल्लेबाज़ी करते समय कम्युनिकेशन बहुत अच्छा रहता है और वह मुझे शांत रखते हैं। बचपन से मैं इस पल का सपना देखता था और अब उसे जी रहा हूं।”

उन्होंने अपने आउट होने पर कहा, “मैं सीधा शॉट खेलना चाहता था, इसलिए निराश हुआ। अगर मैं इनसाइड-आउट खेलता तो बेहतर होता। नेट्स में मैं अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहा था, लेकिन पिछले मैच में जिस तरह आउट हुआ, उसका असर पड़ा।”