आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस- पंजाब किंग्स मैच के दौरान चौथे अंपायर से अभद्र व्यवहार पर कीरोन पोलार्ड पर जुर्माना!

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड पर आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए उनके मैच शुल्क का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। पोलार्ड पर चौथे अंपायर के खिलाफ अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप है।

यह घटना गुरुवार रात धर्मशाला में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुई थी। मुंबई इंडियंस ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया था।

आईपीएल ने शुक्रवार सुबह जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड पर आईपीएल की खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के लिए उनके लागू मैच शुल्क का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।”

बयान में आगे कहा गया, “पोलार्ड को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते पाया गया, जो मैच के दौरान ‘सुनाई देने वाली अभद्र भाषा के इस्तेमाल’ से संबंधित है।”

“यह घटना दूसरी पारी के 19वें ओवर में हुई, जब पोलार्ड ने चौथे अंपायर के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।”

मैच रेफरी पंकज धर्माणी ने पोलार्ड को सजा सुनाई, जिसके बाद पोलार्ड ने अपना दोष स्वीकार कर लिया।

मुंबई इंडियंस के लंबे समय से जुड़े रहे और वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक ऑलराउंडर पोलार्ड इससे पहले भी आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माना झेल चुके हैं।