
चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने सोमवार को बताया कि एमएस धोनी दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले अवे मैच के लिए टीम के साथ नहीं गए हैं, लेकिन पिंडली (काफ) की चोट के कारण इस सीजन कोई मैच न खेलने के बावजूद वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।
सीएसके का यह सीजन अब तक खास नहीं रहा है और टीम अपना दसवां मुकाबला खेलने वाली है। आधा से ज्यादा सीजन बीत चुका है, और 44 वर्षीय भारतीय दिग्गज धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर हर साल की तरह इस बार भी अटकलें तेज हैं।
प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे पहला सवाल भी धोनी को लेकर ही पूछा गया, जो हाल ही में नेट्स में बल्लेबाजी करते नजर आए हैं।
एरिक सिमंस ने कहा, “एमएस धोनी पर अपडेट देना मेरे अधिकार क्षेत्र से ऊपर की बात है। वह हमारे साथ (दिल्ली में) नहीं हैं, लेकिन धीरे-धीरे बेहतर हो रहे हैं। वह तभी खेलेंगे जब खुद को तैयार महसूस करेंगे, और उन्हें पता है कि वह कब खेलने के लिए तैयार हैं।”
गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बात करते हुए उन्होंने अंशुल कम्बोज की जमकर तारीफ की, जो 17 विकेट के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में शामिल हैं और हर विभाग में प्रभावित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “अंशुल का जो प्रदर्शन आप आज देख रहे हैं, वह सिर्फ इस सीजन का नहीं है, उन्होंने पिछले साल से इस पर काम शुरू किया था। घरेलू सीजन में उन्होंने अपनी गेंदबाजी के एंगल्स और खासकर यॉर्कर की सटीकता पर काफी मेहनत की। हमने राउंड द विकेट गेंदबाजी भी शामिल की है, जो अब किसी से छिपी नहीं है।”
सिमंस ने आगे कहा कि अंशुल की सफलता का सबसे बड़ा कारण उनकी प्रोफेशनल सोच और ट्रेनिंग का तरीका है।
“अगर आप उनके साथ खड़े होकर उन्हें ट्रेनिंग करते देखें, तो समझ आएगा कि वह कितनी स्पष्टता के साथ काम करते हैं। आधुनिक क्रिकेट में गेंदबाज के लिए यह जरूरी है कि उसे पता हो वह क्या करना चाहता है। अंशुल अपनी रणनीति और फील्ड सेटिंग को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं।”
सीएसके ने अब तक 9 में से 4 मैच जीते हैं और बाकी बचे पांच लीग मुकाबले उनके लिए ‘करो या मरो’ जैसे हैं। टीम मुंबई इंडियंस को हराने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के लिए उतर रही है।
सिमंस ने उम्मीद जताई कि उनकी टीम अब भी प्लेऑफ में जगह बना सकती है।
उन्होंने कहा, “टॉप चार टीमों और बाकी टीमों के बीच थोड़ा अंतर बन गया है, लेकिन हमारी किस्मत अब भी हमारे हाथ में है। हमें पता है कि हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं। अगर हम अपनी क्षमता के अनुसार खेलते रहे, तो टॉप पर पहुंचने से हमें कोई नहीं रोक सकता। जब हम अच्छा खेलते हैं, तो हमें हराना बहुत मुश्किल हो जाता है।”








