
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ओपनर फिल सॉल्ट उंगली की चोट की जांच के लिए इंग्लैंड लौट गए हैं, जो उन्हें पिछले महीने लगी थी।
इस चोट के कारण सॉल्ट आरसीबी के पिछले तीन मुकाबलों से बाहर रहे हैं। उनकी जगह टॉप ऑर्डर में उनके हमवतन जैकब बेथेल ने संभाली है।
बताया जा रहा है कि 29 वर्षीय सॉल्ट को 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वह डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर बाउंड्री बचाने के लिए डाइव लगाते समय अपने बाएं हाथ की उंगली चोटिल कर बैठे थे।
रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के कॉन्ट्रैक्ट में होने के चलते टीम मैनेजमेंट के अनुरोध पर सॉल्ट स्वदेश लौटे हैं और उनकी उंगली का स्कैन कराया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, सॉल्ट इस महीने के अंत तक भारत लौट सकते हैं। आरसीबी और सॉल्ट दोनों को उम्मीद है कि वह जल्दी फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे।
सॉल्ट ने इस सीजन की शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने सिर्फ 6 पारियों में 202 रन बनाए, वह भी 168.33 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ।
फिलहाल अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स से पीछे है। टीम का अगला मुकाबला अगले गुरुवार लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा।








