बाबर आज़म बन सकते हैं पाकिस्तान के नए टेस्ट कप्तान, शान मसूद की जगह लेने की चर्चा तेज!

ढाका में मंगलवार को पहले टेस्ट में 104 रन की शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान टीम बांग्लादेश सीरीज के बाद शान मसूद की जगह बाबर आज़म को टेस्ट कप्तान बनाने की तैयारी कर रही है।

टीम के प्रदर्शन और मसूद की कप्तानी की पाकिस्तान में जमकर आलोचना हो रही है। मसूद बल्ले से भी पूरी तरह फ्लॉप रहे और दोनों पारियों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

टीम से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, पाकिस्तान को इस साल अभी सात और टेस्ट मैच खेलने हैं और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल के बाकी मुकाबलों के लिए बाबर आज़म को फिर से टेस्ट कप्तान बनाने की मांग तेज हो गई है।

हालांकि बाबर घुटने की चोट के कारण बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे, लेकिन 18 मई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में उनकी वापसी की उम्मीद है। दिसंबर 2023 में मसूद के टेस्ट कप्तान बनने के बाद से पाकिस्तान ने 15 में से 11 टेस्ट गंवाए हैं।

पीटीआई के मुताबिक सूत्र ने कहा, “पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के कुछ प्रभावशाली लोग भी बाबर को दोबारा कप्तान बनाना चाहते हैं और उनका मानना है कि यही सही समय है उन्हें फिर से कप्तानी देने का।”

सूत्र ने यह भी बताया कि टीम के खिलाड़ियों के बीच भी बाबर की वापसी के समर्थन में माहौल है।

फिलहाल बांग्लादेश दौरे पर पाकिस्तान टीम के तीन अलग-अलग कप्तान हैं — सलमान अली आगा टी20 कप्तान हैं, शाहीन शाह अफरीदी वनडे कप्तान हैं और शान मसूद टेस्ट कप्तान हैं।

सूत्र ने कहा, “अगर बाबर दूसरे टेस्ट में खेलते हैं और अपनी बल्लेबाजी फॉर्म हासिल कर लेते हैं, तो कप्तानी में वापसी के सबसे मजबूत दावेदार होंगे। बोर्ड अधिकारियों के साथ शुरुआती बातचीत से भी संकेत मिले हैं कि बाबर खुद भी दोबारा कप्तानी संभालने के खिलाफ नहीं हैं।”

सूत्र के अनुसार योजना यह है कि बाबर को पहले टेस्ट कप्तान बनाया जाए और फिर अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले उन्हें वनडे कप्तानी भी सौंप दी जाए।

बाबर आज़म 2019 से 2023 तक तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान के कप्तान रहे थे। हालांकि भारत में हुए 2023 वनडे विश्व कप के बाद खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें कप्तानी छोड़नी पड़ी थी।

इसके बाद 2024 टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्होंने टी20 कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया था।

सूत्र ने यह भी बताया कि पहले टेस्ट में हार के बाद शान मसूद काफी निराश हैं और अब वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में स्थायी भूमिका स्वीकार करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।

पिछले साल पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने उन्हें डायरेक्टर ऑफ इंटरनेशनल क्रिकेट एंड प्लेयर अफेयर्स का पद ऑफर किया था, लेकिन मसूद ने मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र पूरा करने का फैसला किया था।