
ग्लेन फिलिप भले ही क्वालिफायर 1 में नहीं खेले, लेकिन मंगलवार को धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से गुजरात टाइटंस की हार के बाद उन्होंने पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बातचीत की।
एक रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि क्या आरसीबी के 254 रन बनाने के बाद गुजरात टाइटंस ने मानसिक रूप से हार मान ली थी। इस सवाल पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाज़ फिलिप नाराज़ हो गए और उन्होंने इसे “बेवकूफी भरा” और “खराब” सवाल बताया।
फिलिप ने कहा, “यह बहुत बेवकूफी भरा सवाल है। सच में बहुत बेवकूफी भरा सवाल। कोई भी मैदान पर यह सोचकर नहीं उतरता कि ‘चलो, इस मैच को छोड़ देते हैं।’ हम प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं, ऐसा क्यों करेंगे? यह बहुत खराब सवाल है। हम मैदान पर पूरा प्रयास करने उतरे थे। लेकिन जब आप 250 रन का पीछा कर रहे होते हैं, तो हर चीज़ का सही होना जरूरी होता है। हमने कोशिश की कि सब कुछ सही हो, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।”
गुजरात टाइटंस की टीम 162 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 92 रन से हार का सामना करना पड़ा। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर के जल्दी आउट होने के बाद टीम वापसी नहीं कर सकी।
फिलिप ने माना कि बड़े लक्ष्य का दबाव टीम पर साफ दिखाई दे रहा था।
उन्होंने कहा, “250 रन का पीछा करते समय स्कोरबोर्ड का बहुत दबाव होता है। बहुत कम टीमें ऐसा कर पाई हैं। पंजाब किंग्स ने यह कुछ बार किया है, जो शानदार है। शायद उन्होंने इसे जितना आसान दिखाया, उतना असल में है नहीं। मैं खुद अब तक ऐसी किसी टीम का हिस्सा नहीं रहा जो 250 के करीब पहुंची हो। कभी-कभी हालात वैसे ही होते हैं।”
फिलिप से यह भी पूछा गया कि मैच नहीं खेलने के बावजूद मीडिया से बात करना कैसा लगता है।
इसके जवाब में उन्होंने कहा, “नहीं, सब ठीक है। हम सभी टीम का हिस्सा हैं और मीडिया की जिम्मेदारी भी सबकी बराबर होती है। कभी-कभी जो खिलाड़ी मैच नहीं खेल रहा होता, उसका नजरिया अलग होता है, खासकर उन खिलाड़ियों के लिए जिन्हें अब एलिमिनेटर खेलना है। उनके लिए जरूरी है कि वे अपना ध्यान अगले मैच पर लगाएं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने अब तक काफी अच्छा क्रिकेट खेला है। जो खिलाड़ी मैदान पर हैं, उन्हें अगले मैच के लिए खुद को तैयार रखना होगा। जैसा ऐश (आशीष नेहरा) कहते हैं — ‘चिल पिल’, यानी शांत रहो और अगले मुकाबले के लिए तैयार रहो।”








