वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप: ऑस्ट्रिया से हारकर भारत टूर्नामेंट से बाहर!

लंदन में मंगलवार को खेले गए राउंड ऑफ 32 मुकाबले में ऑस्ट्रिया के खिलाफ 0-3 की करारी हार के साथ भारत की पुरुष टीम वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप्स फाइनल्स से बाहर हो गई।

मानव ठक्कर और साथियान ज्ञानसेकरन ज्यादा चुनौती पेश नहीं कर सके, जबकि मानुष शाह ने डेढ़ घंटे से अधिक चले मुकाबले में कड़ा संघर्ष किया।

भारत की ओर से सबसे पहले मानुष शाह खेलने उतरे, जिनका मुकाबला रॉबर्ट गार्डोस से हुआ। मानुष ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम 11-6 से जीता, लेकिन इसके बाद अगले दो गेम 7-11 और 3-11 से गंवा दिए। उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए चौथा गेम 11-8 से जीतकर मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। हालांकि, अंतिम गेम में उन्हें 11-13 से बेहद करीबी हार झेलनी पड़ी। यह मुकाबला 46 मिनट तक चला।

भारत के 0-1 से पीछे होने के बाद स्थिति और खराब हो गई, क्योंकि मानव ठक्कर और साथियान ज्ञानसेकरन दोनों अपने-अपने मुकाबले सीधे गेमों में हार गए।

मानव ठक्कर को डेनियल हाबेसोन ने केवल 10 मिनट में 11-7, 11-5, 11-6 से हराया। वहीं साथियान का मुकाबला थोड़ा लंबा चला, लेकिन वह भी सीधे गेमों में 11-5, 11-8, 11-9 से एंड्रियास लेवेंको के खिलाफ हार गए।