
पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 में लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा, जब गुरुवार को धर्मशाला में मुंबई इंडियंस ने उन्हें छह विकेट से हरा दिया। पीबीकेएस कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस हार को “पचाने में मुश्किल” बताया, वहीं मुंबई के लिए मैच जिताने वाली तिलक वर्मा की नाबाद 75 रन की पारी की जमकर तारीफ की।
हार के बाद श्रेयस ने कहा, “बिल्कुल, यह हार काफी कड़वी है, लेकिन मैं यहां किसी एक स्थिति को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहता क्योंकि यह क्रिकेट का शानदार मुकाबला था। दोनों टीमों ने अच्छा खेल दिखाया।”
पंजाब के कप्तान ने तिलक की मैच जिताऊ पारी की सराहना करते हुए कहा, “उसने कमाल की बल्लेबाजी की। उसने अपने शॉट्स बहुत अच्छे से चुने और फील्ड का शानदार इस्तेमाल किया, इसलिए पूरा श्रेय उसे जाता है।”
श्रेयस ने अजमतुल्लाह ओमरजई (17 गेंदों में 38 रन) की भी तारीफ की, जिन्होंने आखिरी ओवरों में पंजाब की पारी को तेजी दी और टीम को 200 रन तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा, “एक समय ऐसा लग रहा था कि हम 170-180 तक ही पहुंच पाएंगे, लेकिन वहां से उसने पूरी मैच की मोमेंटम बदल दी। उसके स्कूप शॉट्स और छक्कों ने 16वें-17वें ओवर के बाद हमें तेजी दी और 200 तक पहुंचना उसके लिए शानदार उपलब्धि थी।”
पंजाब किंग्स ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार तरीके से की थी और पहले सात मैचों में अजेय रहते हुए प्लेऑफ के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे थे। लेकिन लगातार पांच हार के बाद अब टीम मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है, जहां प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उन्हें अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे।
श्रेयस ने कहा, “अगले मौके को लेकर हम जरूर उत्साहित हैं। अगला मैच दोपहर में है और हमें दोनों में जीत हासिल करनी होगी। ये दो मुकाबले काफी रोमांचक होने वाले हैं। रविवार को इसी मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलने का इंतजार है।”
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तिलक वर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव उन्हें दबाव में लक्ष्य का पीछा करने में मदद करता है।
उन्होंने कहा, “सच कहूं तो मुझे मैच फिनिश करना पसंद है, लेकिन वर्ल्ड कप और कुछ इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद मुझे समझ आया कि दबाव में मैच कैसे खत्म किए जाते हैं।”
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा कि पिच उम्मीद से ज्यादा मुश्किल थी।
“हमने नहीं सोचा था कि विकेट ऐसा होगा। गेंद धीमी और नीची रह रही थी, इसलिए शॉट खेलना आसान नहीं था। हमने देखा कि पंजाब पहले 15 ओवरों में संघर्ष कर रहा था, फिर अजमतुल्लाह और विष्णु विनोद ने उन्हें अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।”
तिलक ने बताया कि उन्होंने जानबूझकर मैच को आखिर तक ले जाने की योजना बनाई थी और विल जैक्स की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा, “मैंने सोचा था कि मैच को अंत तक ले जाऊंगा। दूसरे ब्रेक में मैंने कोच से बात की थी और कहा था कि बस एक बड़ा ओवर चाहिए, फिर मैं मैच खत्म कर दूंगा।”
“विल की पारी ने मैच खत्म करने में मदद की। मैंने उससे कहा था कि अपनी शेप बनाए रखो और स्लोअर गेंद का इंतजार करो। यहां की ऊंचाई की वजह से गेंद आसानी से उड़ती है, इसलिए अंधाधुंध शॉट खेलने की जरूरत नहीं थी।”
मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान जसप्रीत बुमराह ने कहा कि इस जीत में शार्दुल ठाकुर और तिलक वर्मा दोनों का बराबर योगदान रहा।
उन्होंने कहा, “दोनों टीमों ने अच्छा क्रिकेट खेला और हमने शानदार वापसी की। सही लेंथ पर गेंदबाजी करना सबसे जरूरी था। यही प्लान था और सभी गेंदबाजों को श्रेय जाता है कि उन्होंने दबाव में संयम बनाए रखा। मुझे लगता है कि तिलक की पारी और शार्दुल की गेंदबाजी दोनों बराबर सराहना के हकदार हैं। तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की और जैक्स ने भी अहम योगदान दिया।”
भारत के लिए टेस्ट, टी20 और अब आईपीएल में कप्तानी कर चुके बुमराह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब सिर्फ वनडे कप्तानी बाकी है।
उन्होंने हंसते हुए कहा, “मैं टेस्ट मैच में कप्तानी कर चुका हूं, टी20 में भी कर चुका हूं और अब आईपीएल में भी। अब बस वनडे बचा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा।”
उन्होंने आगे कहा, “मजाक अलग, मैं काफी खुश हूं। मौसम अच्छा था, मैदान शानदार था और मैंने इस अनुभव का खूब आनंद लिया।”








