
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने जारी आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नाबाद शतक लगाकर कोहली ने यह साबित कर दिया कि “पुरानी पीढ़ी अभी भी सबसे बेहतरीन है।”
लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद 37 वर्षीय विराट कोहली ने बुधवार को शानदार नाबाद शतक जड़ा और आरसीबी को केकेआर के खिलाफ छह विकेट से जीत दिलाकर टीम को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया।
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम ‘अमूल क्रिकेट लाइव’ में कहा, “विराट कोहली केकेआर के खिलाफ बिल्कुल शानदार थे। उन्हें लक्ष्य का पीछा कैसे करना है, यह किसी भी बल्लेबाज से बेहतर पता है।”
उन्होंने आगे कहा, “हर कोई इस सीजन को ‘जेन नेक्स्ट’ का सीजन बता रहा था, लेकिन कोहली ने दिखा दिया कि वह अभी भी यहां हैं। उन्होंने शतक लगाकर आलोचकों को शांत कर दिया और ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने साबित किया कि पुरानी पीढ़ी अभी भी सबसे बेहतरीन है।”
गावस्कर ने टी20 क्रिकेट में कोहली की निरंतरता की भी जमकर सराहना की और कहा कि उनके रिकॉर्ड्स को तोड़ना बेहद मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा, “टी20 में शतकों की बात करें तो विराट 10 शतकों के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ क्रिस गेल और बाबर आजम हैं। लेकिन वह सबसे तेजी से 14,000 टी20 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं और आईपीएल में उनके नाम नौ शतक हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “रिकॉर्ड टूटने के लिए बनते हैं, लेकिन विराट कोहली जो लगातार मैच दर मैच और सीजन दर सीजन प्रदर्शन कर रहे हैं, उसकी बराबरी करने में किसी को बहुत लंबा समय लगेगा। विराट का यह शतक उन खास पारियों में से एक था, जो हमें उनकी महानता की याद दिलाती हैं।”
गावस्कर ने मैच के दौरान केकेआर द्वारा विराट का कैच छोड़ने को भी निर्णायक मोड़ बताया।
उन्होंने कहा, “इस मैच से पहले केकेआर की कैच पकड़ने की क्षमता इस सीजन आईपीएल में सबसे बेहतर थी, लेकिन यह गलती उन्हें बहुत भारी पड़ी।”
उन्होंने आगे कहा, “रोवमैन पॉवेल के पास विराट कोहली को जल्दी आउट करने का मौका था। उन्होंने ऊंची छलांग लगाई, सही टाइमिंग भी थी, लेकिन गेंद हाथ से फिसल गई। आप विराट कोहली को उनकी पारी की शुरुआत में दूसरा मौका नहीं दे सकते। वह हर बार इसकी कीमत वसूलते हैं। उन्होंने शतक लगाकर केकेआर को उस ड्रॉप कैच का पछतावा करा दिया। महान खिलाड़ी यही करते हैं — वे आपको दूसरा मौका नहीं देते।”








