
आईपीएल 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स अब लगातार तीन मैच हार चुकी है। टीम ने अपने पहले सात मुकाबलों में छह जीत दर्ज की थीं, लेकिन अब उसका प्रदर्शन लगातार गिरता नजर आ रहा है।
बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 रन की हार, टूर्नामेंट के अहम मोड़ पर श्रेयस अय्यर की टीम के लिए चिंता का बड़ा संकेत बन गई है। इस जीत के साथ SRH पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई, जबकि पंजाब किंग्स दूसरे स्थान पर खिसक गई।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में श्रेयस अय्यर ने कहा, “मुझे लगता है कि टूर्नामेंट की शुरुआत हमारे लिए किसी फेयरीटेल जैसी रही। हर खिलाड़ी शानदार मानसिक स्थिति में था। लेकिन अगर हम इसी फॉर्म में खेलते रहे, तो यह हमारे लिए मददगार नहीं होगा।”
पंजाब की फील्डिंग भी बेहद खराब रही। टीम ने आसान कैच छोड़े और स्टंपिंग के मौके गंवाए, जिसका फायदा SRH के बल्लेबाजों ने उठाया और 235/4 जैसा बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पिच धीमी होती गई, लेकिन तब तक पंजाब काफी पीछे छूट चुका था।
श्रेयस ने कहा, “लक्ष्य थोड़ा ज्यादा बड़ा हो गया क्योंकि हमने शुरुआत में कैच छोड़ दिए। अगर हम वो मौके पकड़ लेते, तो उनका स्कोर 30-40 रन कम हो सकता था। विकेट धीरे-धीरे स्लो हो रही थी। उन्होंने शानदार क्रिकेट खेली और हमें दिखाया कि मैच कैसे जीता जाता है।”
हालांकि, पंजाब के लिए कूपर कॉनॉली ने अकेले दम पर लड़ाई लड़ी और नाबाद शतक जड़ा। IPL के अपने डेब्यू सीजन में खेल रहे कॉनॉली की श्रेयस ने जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, “कॉनॉली कमाल के खिलाड़ी हैं। उनका माइंडसेट बेहतरीन है और जिस तरह का चरित्र वह मैदान पर दिखाते हैं, उससे बाकी खिलाड़ी भी सीख सकते हैं। इसके अलावा उनमें दबाव के समय बड़े रन बनाने की खास क्षमता है।”
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस अपनी टीम के ऑलराउंड प्रदर्शन से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि दूसरी पारी की पिच उनके गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित हुई।
कमिंस ने कहा, “पंजाब बहुत मजबूत टीम है। हमारे बल्लेबाजों ने जिस तरह शुरुआत दी, वह शानदार थी। चाहे स्कोर कुछ भी हो, दूसरी पारी में उस टीम के खिलाफ गेंदबाजी करना और उन्हें रोकना शानदार प्रदर्शन था।”
उन्होंने आगे कहा, “हम अपनी गति से खेलने में काफी अच्छे हैं। हमारा फोकस खुद को अधिकतम स्तर तक ले जाने पर रहता है। पिच थोड़ी ग्रिप कर रही थी, जो हमारे गेंदबाजों के अनुकूल थी। हमने पहले भी ऐसी परिस्थितियां देखी हैं और हम उसके अनुसार खुद को ढाल सकते हैं।”
कमिंस शुरुआती मैचों में पीठ की चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। इस मुकाबले में उन्होंने 2/34 का शानदार स्पेल डाला और श्रेयस अय्यर व प्रियांश आर्य जैसे अहम विकेट लिए। इसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
उन्होंने कहा, “मैं खुद को काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। फ्रेश होकर टीम में वापस आया हूं। पावरप्ले में किसी भी टीम के लिए ज्यादा कुछ काम नहीं कर रहा है, लेकिन हमारे पास काफी विकल्प हैं।”








