
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है। कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, “यह इस सीजन में उनकी टीम का अनुच्छेद 2.22 के तहत पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर गति से संबंधित है। इसलिए कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।”
इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को गुजरात टाइटंस ने 82 रन से करारी शिकस्त दी। गुजरात के 168/5 के जवाब में एसआरएच की टीम सिर्फ 14.5 ओवर में 86 रन पर ढेर हो गई।
पूर्व चैंपियन गुजरात टाइटंस ने इस जीत के साथ मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद को पीछे छोड़ते हुए 10 टीमों की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
12 मैचों में आठ जीत और 16 अंकों के साथ गुजरात लीग चरण के बाद शीर्ष दो में जगह बनाने की प्रबल दावेदार बन गई है।
प्लेऑफ में पहुंचने वाली शीर्ष चार टीमों में से शीर्ष दो टीमों को 31 मई को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त मौका मिलेगा।








