
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज़ बाबर आज़म के 18 मई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में टीम से जुड़ने की उम्मीद है। घुटने में चोट के कारण वह बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे। पाकिस्तान को मंगलवार को खेले गए पहले टेस्ट में 104 रन से हार का सामना करना पड़ा, जब दूसरी पारी में 267 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी बल्लेबाज़ी सिर्फ 163 रन पर सिमट गई।
पहले टेस्ट से पहले बाबर ने घुटने में दर्द और जकड़न की शिकायत की थी, जिसके चलते उन्हें मुकाबले से बाहर होना पड़ा। हालांकि अब पूर्व कप्तान ने ढाका में टीम के फिजियो और ट्रेनर की निगरानी में नेट्स पर दोबारा बल्लेबाज़ी शुरू कर दी है।
फिलहाल पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने दूसरे टेस्ट के लिए उनकी उपलब्धता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन टीम से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक नेट्स में बल्लेबाज़ी के दौरान बाबर को घुटनों में किसी तरह की परेशानी या दर्द महसूस नहीं हुआ।
सूत्रों के अनुसार, पांच दिन बाद होने वाले दूसरे टेस्ट में बाबर के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की पूरी संभावना है।
पाकिस्तान सुपर लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद चोट की वजह से बाबर का अचानक टेस्ट से बाहर होना क्रिकेट जगत के लिए हैरानी की बात थी। बाबर ने पीएसएल में दो शतक लगाए थे और पेशावर ज़ल्मी को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
बाबर की शानदार फॉर्म को देखते हुए पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट पहले टेस्ट में उनसे बड़ी उम्मीदें लगाए बैठा था।
अब तक बाबर आज़म पाकिस्तान के लिए 346 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और सभी फॉर्मेट मिलाकर 32 शतक लगा चुके हैं।








