रोहित शर्मा के शतक ने खत्म की संन्यास की अटकलें, अब भारत का फोकस मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण तैयार करने पर: सबा करीम!

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 1-2 से हार के बावजूद रोहित शर्मा के लॉर्ड्स में लगाए गए शानदार शतक ने उनके संन्यास को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम का मानना है कि इस पारी ने साफ कर दिया है कि रोहित अभी भी भारतीय टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं।

पहले दो वनडे मुकाबलों में 11 और 26 रन बनाने के बाद तीसरे और आखिरी मैच में रोहित शर्मा पर काफी दबाव था। 39 वर्षीय बल्लेबाज के भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि चयनकर्ता 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अब रोहित से आगे की योजना बना रहे हैं।

हालांकि, इन अटकलों को बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पहले ही खारिज कर दिया था। उन्होंने पीटीआई से बातचीत में साफ कहा था कि बोर्ड ने कभी भी लॉर्ड्स वनडे को रोहित शर्मा का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला मानकर कोई चर्चा नहीं की।

अपने भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली। 388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने सिर्फ 110 गेंदों में 138 रन की विस्फोटक पारी खेली।

इस शतक के साथ रोहित लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय और सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए। हालांकि भारत यह मुकाबला 27 रन से हार गया और सीरीज भी गंवा बैठा, लेकिन रोहित की शानदार बल्लेबाजी ने एक बार फिर सबका ध्यान उनकी क्षमता पर केंद्रित कर दिया।

जियोहॉटस्टार पर बातचीत करते हुए सबा करीम ने कहा, “भारत ने इस सीरीज से कई सकारात्मक बातें हासिल की हैं। रोहित शर्मा के शतक ने उनके भविष्य को लेकर चल रही सभी अटकलों को खत्म कर दिया। शुभमन गिल ने भी लगातार रन बनाए, सकारात्मक बल्लेबाजी की और कप्तानी में भी प्रभावित किया। इसलिए मुझे बल्लेबाजी में कोई बड़ी समस्या नजर नहीं आती। अब भारत का पूरा ध्यान सही तेज गेंदबाजी आक्रमण तैयार करने पर होना चाहिए, खासकर अगर जसप्रीत बुमराह उपलब्ध नहीं रहते हैं।”

सीरीज के आखिरी मैच में जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने पर लगी चोट के कारण नहीं खेल सके। उनकी गैरमौजूदगी में भारतीय गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर नजर आई और इंग्लैंड ने 3 विकेट पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में 72 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने 69 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। वहीं गुरनूर बरार ने अपने 10 ओवर में 97 रन खर्च किए और एक भी विकेट नहीं मिला। प्रिंस यादव को एक विकेट जरूर मिला, लेकिन उन्होंने भी 79 रन लुटा दिए।

सबा करीम का मानना है कि 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भारत का अगला न्यूजीलैंड दौरा बेहद अहम होगा।

उन्होंने कहा, “इन परिस्थितियों में हमारे युवा और अनुभवहीन तेज गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए। इसलिए न्यूजीलैंड का आगामी पांच मैचों का वनडे दौरा इन गेंदबाजी संयोजनों को परखने का बेहतरीन मौका होगा। टीम को बीच के ओवरों में विकेट दिलाने वाला एक अच्छा रिस्ट स्पिनर भी चाहिए। वह कुलदीप यादव हों या कोई और, यह अलग चर्चा का विषय है। भारत को विरोधी टीम, पिच और मैदान की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बेहतर योजना बनानी होगी और उसी हिसाब से सही संयोजन के साथ मैदान पर उतरना होगा।”

गौरतलब है कि रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब वह सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।