
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को लगातार दूसरे सप्ताह दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी एन से-यंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। गुरुवार को जकार्ता में खेले गए इंडोनेशिया ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में हारकर सिंधु टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी दक्षिण कोरिया की एन से-यंग से हार गई थीं।
हालांकि सिंधु ने मुकाबले में कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः उन्हें 17-21, 14-21 से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही मौजूदा ओलंपिक चैंपियन एन से-यंग के खिलाफ सिंधु की लगातार हार का सिलसिला 10 मैचों तक पहुंच गया। सिंधु अब तक एन से-यंग को एक भी बार नहीं हरा पाई हैं।
पहला गेम काफी बराबरी का रहा और एक समय दोनों खिलाड़ी 10-10 की बराबरी पर थीं। सिंधु ने अपने पुराने आक्रामक अंदाज की झलक दिखाई और कई शानदार शॉट्स के जरिए कोरियाई खिलाड़ी को परेशान किया।
सिंधु ने एक समय 15-14 की बढ़त भी बना ली थी, लेकिन इसके बाद एन से-यंग ने लगातार अंक जुटाते हुए स्कोर 19-16 कर दिया।
इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने अगले दो अंक भी अपने नाम किए, जिसमें 41 शॉट्स की लंबी और रोमांचक रैली भी शामिल थी, और पहला गेम जीत लिया।
पहले गेम की लय को एन से-यंग ने दूसरे गेम में भी जारी रखा और जल्दी ही 13-6 की बढ़त बना ली। सिंधु ने हार नहीं मानी और अंतर कम करने की पूरी कोशिश की, लेकिन अधिकांश समय पिछड़ने के बावजूद वापसी नहीं कर सकीं।
एन से-यंग ने अपने शानदार कोर्ट कवरेज और नियंत्रण का प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम किया और क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।








