
विराट कोहली के हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद अब रोहित शर्मा की उपलब्धता भी सवालों के घेरे में आ गई है। आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझने वाले रोहित को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया था।
पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से ही विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। अक्टूबर-नवंबर 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले अगले 50 ओवर विश्व कप से पहले दोनों खिलाड़ियों का चयन उनकी फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने गुरुवार को बताया कि सीरीज शुरू होने से पहले दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की फिटनेस का आकलन किया जाएगा। मेडिकल टीम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
इस बीच टीम प्रबंधन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर भी नजर बनाए हुए है। हार्दिक पीठ में ऐंठन (बैक स्पाज़्म) के कारण आईपीएल में मुंबई इंडियंस के कई मुकाबले नहीं खेल पाए थे। ऐसे में यह देखना होगा कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पूरी तरह फिट हैं या नहीं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रयान टेन डोशेट ने कहा, “इस बारे में आधिकारिक जानकारी जल्द जारी की जाएगी। जब बात विराट या रोहित जैसे खिलाड़ियों की होती है तो स्वाभाविक रूप से यह बड़ी खबर बन जाती है, लेकिन हमारे फिटनेस आकलन के नियम वही रहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम उनकी फिटनेस का मूल्यांकन करेंगे। हमारे पास अभी कुछ दिन हैं, जिनमें हम तय करेंगे कि वे खेलने और टीम का हिस्सा बनने के लिए पर्याप्त रूप से फिट हैं या नहीं। जरूरत पड़ने पर टीम में बदलाव भी किए जाएंगे। मेडिकल टीम के निर्णय के बाद आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।”
गौरतलब है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच शनिवार से शुरू हो रहा है, जबकि उसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। फिलहाल सभी की नजरें रोहित शर्मा, विराट कोहली और हार्दिक पांड्या की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।








