ईशान किशन के सीटी बजाने वाले सेलिब्रेशन पर मचा विवाद, रविचंद्रन अश्विन बोले — ‘वरना ड्रामा कहां रहेगा?’

आईपीएल 2026 प्लेऑफ में सनराइजर्स हैदराबाद को पहुंचाने के बाद ईशान किशन का वायरल सेलिब्रेशन चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस को बिल्कुल पसंद नहीं आया। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान ने 47 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी खेली और एसआरएच को 5 विकेट से जीत दिलाई।

हालांकि मैच के बाद उनके सेलिब्रेशन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ईशान पर आरोप लगा कि उन्होंने चेपॉक की भीड़ का मजाक उड़ाते हुए सीटी बजाई और कुछ इशारे किए, जिससे सीएसके फैंस नाराज़ हो गए।

लेकिन पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ईशान किशन का समर्थन किया और सीएसके फैंस से इसे दिल पर न लेने की अपील की।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “मैं आज के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी ईशान किशन के बारे में बात करना चाहता हूं। सोशल मीडिया पर उनके सेलिब्रेशन को लेकर काफी बातें हो रही हैं। अरे छोड़ो यार। ये सब खिलाड़ी हैं, भावनाएं खेल का हिस्सा होती हैं। इसे व्यक्तिगत मत लो, एंजॉय करो।”

उन्होंने आगे कहा, “यहां हर खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करता है। कोई खिलाड़ी आपके सामने आकर सेलिब्रेट करता है तो उसमें इगो क्यों लाना? अगर ये सब नहीं होगा तो मजा कहां रहेगा? ड्रामा कहां रहेगा?”

अश्विन ने यह भी कहा कि अगली बार सीएसके और उनके फैंस मैदान पर जवाब दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, “शायद अगली बार ईशान अपना सेलिब्रेशन थोड़ा कंट्रोल कर सकते हैं, खासकर जो उन्होंने भीड़ की तरफ कहा। क्या इसे टाला जा सकता था? हां, हो सकता था। लेकिन मुझे यह पसंद आया।”

“किसी दूसरी टीम के लिए चेपॉक जैसे मैदान पर आकर सीएसके को हराना आसान नहीं होता। लेकिन उन्होंने ऐसा किया। पिछले मैच में बड़ी हार के बाद वापसी करके जीत हासिल की। इसे जाने दो।”

अश्विन ने आगे कहा, “एक खिलाड़ी बस आपको यह कह रहा है कि ‘मैं तुम्हारे घर आकर तुम्हें हराकर गया हूं।’ बस इतना ही। इसे फैंस और टीम याद रखें। अगली बार हैदराबाद जाओ, उन्हें हराओ और जवाब दो। लेकिन सम्मान के साथ।”