IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी, क्रिस गेल जैसी दहशत फैलाने की क्षमता!

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में गेंदबाजों के लिए वैसी ही दहशत बन सकते हैं जैसी अपने दौर में वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल हुआ करते थे।

15 वर्षीय राजस्थान रॉयल्स बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार रात लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में सात चौके और दस छक्के शामिल थे।

हालांकि राजस्थान रॉयल्स के सामने 221 रन का बड़ा लक्ष्य था, लेकिन वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने सात विकेट से आसान जीत हासिल कर ली।

इरफान पठान ने ‘जियोहॉटस्टार’ पर कहा, “उसे रोकना बहुत मुश्किल है। शुरुआती 10 गेंदों में उसका स्ट्राइक रेट 100 से कम था, लेकिन पारी खत्म होने तक उसने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन बना दिए।”

उन्होंने आगे कहा, “इस सीजन वह 53 छक्के लगा चुका है और अब वह क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड के पीछे है, जो 2012 से कायम है। जब हम गेंदबाज थे, तब क्रिस गेल का सामना करने से डर लगता था। वैभव सूर्यवंशी भी वही डर पैदा कर रहा है और गेल का रिकॉर्ड अब सचमुच खतरे में है।”

पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर ने भी वैभव की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज की प्रतिभा को शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

बांगर ने कहा, “इसे शब्दों में समझाना आसान नहीं है। शब्द इस युवा खिलाड़ी की प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर सकते। उसके कुछ शॉट्स बेहद असाधारण थे।”

उन्होंने आगे कहा, “उसने एक मास्टरक्लास पेश की। यह वैभव सूर्यवंशी की शानदार और यादगार पारी थी। उसे बल्लेबाजी करते देखना शानदार मनोरंजन था। वह जहां भी खेलेगा, वहां दर्शकों की भीड़ खींचेगा।”

अपने शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह इस सीजन उनका तीसरा व्यक्तिगत पुरस्कार रहा।