
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज़ टिम डेविड पर IPL 2026 फाइनल के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के कारण सोमवार को 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया और अगले सीजन के पहले मैच के लिए एक मैच का सस्पेंशन भी दे दिया गया।
IPL के बयान के अनुसार, 30 वर्षीय टिम डेविड के खाते में अब कुल पांच डिमेरिट पॉइंट्स हो गए हैं, जिसके चलते उन्हें एक मैच का बैन झेलना पड़ेगा।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने इस सीजन IPL की आचार संहिता का तीन बार उल्लंघन किया। रविवार को खत्म हुए टूर्नामेंट में RCB ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था।
IPL ने अपने बयान में कहा, “रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज़ टिम डेविड पर IPL खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के लिए 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें दो डिमेरिट पॉइंट्स भी दिए गए हैं।”
बयान में आगे कहा गया, “डेविड को IPL आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी तीसरे व्यक्ति की तरफ अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद या क्रिकेट उपकरण फेंकने से संबंधित है।”
दरअसल, पहली पारी के 10वें ओवर में विकेट गिरने के बाद टिम डेविड ने ऑन-फील्ड अंपायर नितिन मेनन की ओर आइस बैग गुस्से में फेंका था। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने उन्हें दोषी पाया, जिसके बाद डेविड ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सजा मान ली।
इससे पहले 11 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद भी डेविड को अनुच्छेद 2.6 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था, जो “अशोभनीय, अपमानजनक या आपत्तिजनक इशारों” से जुड़ा है। उस मामले में उन्हें 30 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना और दो डिमेरिट पॉइंट्स मिले थे।
वहीं 13 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक अन्य मुकाबले में अंपायर के निर्देशों की अवहेलना करने के कारण डेविड पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट लगाया गया था।








