
BCCI ने बुधवार को घोषणा की कि आईपीएल 2026 का फाइनल लगातार दूसरे सीजन अहमदाबाद में 31 मई को खेला जाएगा। वहीं धर्मशाला को क्वालिफायर 1 की मेजबानी मिली है, जबकि न्यू चंडीगढ़ में दो अन्य प्लेऑफ मुकाबले खेले जाएंगे।
अहमदाबाद इससे पहले 2022, 2023 और पिछले सीजन में भी आईपीएल फाइनल की मेजबानी कर चुका है।
BCCI ने प्रेस रिलीज में कहा, “अंक तालिका की शीर्ष दो टीमों के बीच खेला जाने वाला क्वालिफायर 1, जिसमें फाइनल का सीधा टिकट दांव पर होगा, 26 मई को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।”
बोर्ड ने आगे कहा, “इसके बाद मुकाबले न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में शिफ्ट होंगे, जहां 27 मई को तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर खेला जाएगा। इसी मैदान पर 29 मई को क्वालिफायर 2 भी आयोजित होगा।”
एलिमिनेटर जीतने वाली टीम और क्वालिफायर 1 में हारने वाली टीम क्वालिफायर 2 में भिड़ेंगी, जहां से दूसरी फाइनलिस्ट टीम तय होगी।
BCCI ने कहा, “सीजन का समापन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भव्य फाइनल के साथ होगा। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मुकाबला शानदार अंत का मंच तैयार करेगा।”








