
दक्षिण अफ्रीका के ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर ने कहा है कि भारत अपनी व्यावसायिक ताकत के कारण क्रिकेट पर बड़ा प्रभाव रखता है और ICC को भी BCCI ही नियंत्रित करता है।
पिछले साल दक्षिण अफ्रीका ने लॉर्ड्स में खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर 27 साल बाद अपना पहला बड़ा ICC खिताब जीता था।
हार्मर उस दक्षिण अफ्रीकी टीम का भी हिस्सा थे जिसने पिछले साल भारत को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराकर इतिहास रचा था। यह 25 वर्षों में भारत में उनकी पहली टेस्ट सीरीज जीत थी। हार्मर ने उस सफलता में अहम भूमिका निभाई थी और सिर्फ चार पारियों में 8.94 की शानदार औसत से 17 विकेट लिए थे।
उन्होंने द गार्जियन से कहा,“अपनी व्यावसायिक ताकत की वजह से उनके पास सारी ताकत है। BCCI ही ICC को कंट्रोल करता है। लेकिन हम क्या कर सकते हैं? एक खिलाड़ी के तौर पर आप सिर्फ उन्हीं चीजों को नियंत्रित कर सकते हैं जो आपके हाथ में हैं। कहानी बदलने का एकमात्र तरीका ट्रॉफी जीतना है।”
हार्मर ने दक्षिण अफ्रीका की मौजूदा टीम की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्य कोच शुक्री कॉनराड और कप्तान टेम्बा बावुमा के नेतृत्व में टीम बड़े स्टार खिलाड़ियों से ज्यादा टीमवर्क पर भरोसा करती है।
उन्होंने कहा, “यह टीम अपने हिस्सों के जोड़ से भी बड़ी है, जबकि इसमें सिर्फ कुछ ही सुपरस्टार खिलाड़ी हैं।”
हार्मर खास तौर पर कोच शुक्री कॉनराड की ईमानदार और सीधे बोलने वाली शैली से प्रभावित नजर आए।
उन्होंने कहा, “अगर उन्हें लगता है कि आप पर्याप्त अच्छे नहीं हैं, तो वह आपको सीधे बता देंगे। मुझे यह बात पसंद है। मुझे हमेशा ऐसा अनुभव नहीं मिला।”
एसेक्स के लिए काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले हार्मर ने अपने पहले सीजन में 19.19 की औसत से 72 विकेट लिए थे और टीम को 25 साल बाद पहला चैंपियनशिप खिताब जिताने में मदद की थी। इसके बाद भी कई सीजन तक वह देश के शीर्ष स्पिनर बने रहे और तीन सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे।
इंग्लैंड में स्पिन गेंदबाजी को लेकर हार्मर ने कहा कि वहां स्पिनरों को अक्सर उतनी अहमियत नहीं मिलती जितनी मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “इंग्लैंड में आमतौर पर स्पिनरों को बाद में याद किया जाता है।”
हालांकि उन्होंने लियम डॉसन और जैक लीच जैसे खिलाड़ियों की गुणवत्ता को स्वीकार किया, लेकिन उनका मानना है कि सफलता सिस्टम पर भी निर्भर करती है।
हार्मर ने कहा, “यह संसाधनों की कमी नहीं है — आपके पास 18 काउंटी टीमें हैं। लेकिन उनमें से कितनों के पास स्पिन गेंदबाजी कोच है? शायद सिर्फ दो या तीन।”








