
कोलकाता नाइट राइडर्स के सहायक कोच शेन वॉटसन का मानना है कि टीम अब धीरे-धीरे सही तालमेल में आ रही है और अभी भी आईपीएल प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए जोरदार वापसी कर सकती है।
सीजन की खराब शुरुआत के बाद केकेआर फिलहाल 9 अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए टीम को अब अपने सभी बचे हुए मुकाबले जीतने होंगे।
रायपुर में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच से पहले वॉटसन ने कहा, “सच कहूं तो हमने भविष्य को लेकर ज्यादा बात नहीं की है।”
उन्होंने आगे कहा, “टूर्नामेंट के आधे हिस्से तक जहां हम थे और पिछले कुछ मैचों में जिस तरह का क्रिकेट हमने खेला है, वह काफी प्रभावशाली रहा है। टीम अब हर विभाग में एकजुट नजर आ रही है।”
वॉटसन ने कहा कि आईपीएल इतिहास में कई टीमें खराब शुरुआत के बावजूद फाइनल तक पहुंच चुकी हैं और केकेआर भी वैसा कर सकती है।
उन्होंने कहा, “हम सभी आशावादी हैं। आईपीएल के इतिहास में ऐसी कई टीमें रही हैं जिन्होंने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी कर फाइनल तक का सफर तय किया है। इसलिए हमें पूरा भरोसा है कि यह संभव है।”
वॉटसन के अनुसार मेगा ऑक्शन के बाद टीम में हुए बड़े बदलावों के कारण खिलाड़ियों को एक-दूसरे के साथ तालमेल बैठाने में समय लगा।
उन्होंने कहा, “यह तय था कि सभी खिलाड़ियों को अपनी भूमिकाएं समझने और टीम में फिट होने में थोड़ा समय लगेगा क्योंकि पिछले सीजन की तुलना में इस बार काफी बदलाव हुए थे।”
उन्होंने आगे कहा, “अब चीजें काफी बेहतर तरीके से सेट हो चुकी हैं। हमारी बल्लेबाज़ी क्रम ज्यादा स्थिर दिख रही है और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर हमारी समझ भी बेहतर हुई है।”
वॉटसन ने यह भी बताया कि मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की फिटनेस अभी चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले मैच में उनकी बाईं टांग की चोट और बढ़ गई थी।
उन्होंने कहा, “फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पिछले से पिछले मैच में उन्हें दर्द था और पिछले मैच में भी वह काफी तकलीफ में थे, बावजूद इसके उन्होंने शानदार गेंदबाज़ी की।”
उन्होंने आगे कहा, “हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह कल के मैच के लिए उपलब्ध होंगे, लेकिन अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।”
वॉटसन ने युवा बल्लेबाज़ अंगकृष रघुवंशी की जमकर तारीफ करते हुए उनकी प्रतिभा को “हैरान कर देने वाला” बताया।
उन्होंने कहा, “21 साल की उम्र में उसकी स्किल डेवलपमेंट सच में चौंकाने वाली है। अलग-अलग परिस्थितियों और गेंदबाज़ों के खिलाफ खुद को ढालने की उसकी क्षमता मुझे हैरान कर देती है। उसके पास हर तरह के शॉट्स और विकल्प मौजूद हैं, जिससे वह स्थिति के हिसाब से शानदार बल्लेबाज़ी कर पाता है।”








