आईपीएल 2026: प्लेऑफ की रेस से बाहर मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स की उम्मीदों को दिया बड़ा झटका!

पंजाब किंग्स को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा नुकसान हुआ। धर्मशाला में खेले गए अहम आईपीएल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने शार्दुल ठाकुर के चार विकेट और तिलक वर्मा की शानदार 75 रन की पारी की बदौलत छह विकेट से जीत दर्ज की।

मुंबई इंडियंस ने 201 रन के लक्ष्य को आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। तिलक वर्मा 33 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं विल जैक्स ने 10 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। मुंबई ने 19.5 ओवर में 205/4 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।

पंजाब की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 36 रन देकर दो विकेट लिए।

इससे पहले पंजाब किंग्स ने 200/8 का मजबूत स्कोर बनाया। प्रभसिमरन सिंह ने शानदार अर्धशतक लगाया, लेकिन शार्दुल ठाकुर की चार विकेट की घातक गेंदबाजी के चलते टीम का मिडिल ऑर्डर बुरी तरह बिखर गया।

लगातार चार हार के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 33 गेंदों में 50 रन की ओपनिंग साझेदारी की।

मुंबई इंडियंस को प्रभसिमरन का कैच छोड़ना भारी पड़ा। उन्होंने पावरप्ले में पंजाब को 55/1 तक पहुंचाया और फिर कूपर कॉनॉली के साथ 57 रन जोड़कर टीम को 12वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया।

मुंबई को पहली सफलता दीपक चाहर ने दिलाई, जिन्होंने पांचवें ओवर में प्रियांश आर्य को बोल्ड किया।

स्टैंड-इन कप्तान जसप्रीत बुमराह शुरुआत में प्रभसिमरन को आउट करने के करीब थे, लेकिन दूसरे ओवर में नमन धीर ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। इसका फायदा उठाते हुए प्रभसिमरन ने बुमराह पर दो चौके लगाए।

आठवें ओवर में स्पिनर रघु शर्मा के खिलाफ पहली छक्का लगाने के बाद कूपर कॉनॉली ने विल जैक्स पर भी दो चौके जड़े। इसके बाद प्रभसिमरन ने कॉर्बिन बॉश और रघु शर्मा पर बड़े शॉट खेलते हुए तेजी से रन बनाए। उन्होंने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर सिंगल लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर एक और छक्का जड़ दिया।

हालांकि, मैच का रुख तब बदल गया जब पहले ओवर में 15 रन देने वाले शार्दुल ठाकुर ने तीन गेंदों में दो विकेट लेकर पंजाब की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने सेट बल्लेबाज प्रभसिमरन के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर को भी पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद राज बावा ने कूपर कॉनॉली को आउट किया, जबकि सूर्यांश शेडगे का शानदार कैच शार्दुल की गेंद पर शॉर्ट मिडविकेट पर लिया गया। कॉर्बिन बॉश ने शशांक सिंह को एलबीडब्ल्यू आउट किया और 17वें ओवर में शार्दुल ने एक और विकेट लेकर पंजाब को मुश्किल में डाल दिया। मार्को यानसेन भी सस्ते में आउट हो गए।

हालांकि, आखिरी तीन ओवरों में मुंबई के गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए और पंजाब ने जोरदार वापसी करते हुए 53 रन जोड़ लिए। अजमतुल्लाह ओमरजई ने 17 गेंदों में 38 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल था। वहीं विष्णु विनोद और जेवियर बार्टलेट ने भी महत्वपूर्ण रन जोड़े।

कॉर्बिन बॉश के आखिरी ओवर में खराब फील्डिंग और बाउंड्री पर दो कैच छूटने का फायदा उठाते हुए पंजाब ने 22 रन बटोरे और इस सीजन आठवीं बार 200 रन का आंकड़ा पार किया।