IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल फिट घोषित!

दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमंग बदानी ने सोमवार को कहा कि टी20 क्रिकेट में निरंतरता नहीं, बल्कि “इम्पैक्ट” मायने रखता है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि कप्तान अक्षर पटेल सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल मैच के लिए पूरी तरह फिट हैं और बल्लेबाजों के मैच जिताऊ प्रदर्शन की सराहना की।

कुछ असफलताओं के बावजूद, बदोनी ने दिल्ली की बल्लेबाजी में अस्थिरता को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज किया और कहा कि टीम अपने दृष्टिकोण से संतुष्ट है।

उन्होंने कहा, “अगर संक्षेप में कहूं तो यह फॉर्मेट निरंतरता पर नहीं चलता, बल्कि इम्पैक्ट पर चलता है। यह मौके को भुनाने और सही समय पर आगे आने पर निर्भर करता है। और मुझे लगता है कि हमने ऐसा किया है।”

उन्होंने आगे कहा, “हम लगातार अपनी प्रक्रिया पर टिके रहे हैं। नतीजे आएं या न आएं, हम अपने खेल से खुश हैं। अगर हमारी हार की बात करें, तो एक मैच में सिर्फ एक रन से हार हुई, जो सब जानते हैं, और दूसरा मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ था।”

बदोनी ने समीर रिजवी का भी मजबूती से समर्थन किया और कहा कि वह अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।

उन्होंने कहा, “अगर कोई खिलाड़ी आपको अकेले दम पर दो मैच जिता चुका है, और दोनों में मैन ऑफ द मैच रहा है, तो मैं उससे खुश हूं। वह बहुत अच्छे मानसिक स्थिति में है। पिछले साल भी उसने तीन मैन ऑफ द मैच जीते थे, लेकिन शायद लोगों को याद नहीं होगा कि उसने आखिरी मैच भी हमारे लिए जीता था।”

बदोनी ने यह भी साफ किया कि अक्षर पटेल की फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा, “सब ठीक है। वह खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं।”

गुजरात टाइटंस के खिलाफ करीबी हार के बाद हुई आलोचनाओं पर बदोनी ने डेविड मिलर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मिलर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में शानदार वापसी कर अपने जज्बे को साबित किया।

उन्होंने कहा, “मुझे अभी भी लगता है कि उसने सही फैसला लिया था। हमें उस पर भरोसा है और उसने दो मैचों में उस भरोसे को साबित भी किया है। हर किसी की अपनी राय होती है, लेकिन जिस तरह उसने वापसी की, उससे उसका मजबूत चरित्र दिखता है। वह मैच फिनिश करने वाला खिलाड़ी है और हमें उस पर विश्वास है।”

बदोनी के अनुसार, सनराइजर्स हैदराबाद की आक्रामक और जोखिम भरी रणनीति दिल्ली के गेंदबाजों के लिए मौके पैदा कर सकती है।

उन्होंने कहा, “जब सामने वाली टीम हाई-रिस्क खेलती है, तो विकेट लेने के मौके भी बढ़ जाते हैं। आंकड़े देखें तो हम इस समय शायद सबसे बेहतरीन गेंदबाजी टीम हैं। ऐसे में अगर कोई टीम ज्यादा जोखिम लेती है, तो हमें फायदा मिल सकता है।”

इसके अलावा बदोनी ने कहा कि टीम इस हाई-स्कोरिंग मैदान पर भी आत्मविश्वास से भरी है और ट्रिस्टन स्टब्स की भूमिका को लेकर किसी तरह की चर्चा नहीं हुई है।