
तीन बार के टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारत ने मंगलवार को जारी आईसीसी टी20आई रैंकिंग में अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है, जबकि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
इस साल मार्च में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बनने के साथ-साथ रिकॉर्ड तीन बार यह खिताब जीतने वाली पहली टीम का गौरव भी हासिल किया था।
आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, “नई रैंकिंग में मई 2025 से खेले गए सभी मैचों को 100 प्रतिशत और पिछले दो वर्षों के मैचों को 50 प्रतिशत वेटेज दिया गया है।”
आईसीसी के अनुसार, “275 अंकों के साथ भारत शीर्ष पर है। इंग्लैंड (262 अंक) के साथ उसका अंतर केवल एक अंक कम हुआ है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 258 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है और इंग्लैंड के काफी करीब है।”
दो बार के चैंपियन इंग्लैंड के पास 262 रेटिंग अंक हैं, जबकि एक बार के विजेता ऑस्ट्रेलिया के पास 258 अंक हैं।
रैंकिंग के शीर्ष सात स्थानों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। न्यूजीलैंड (247), दक्षिण अफ्रीका (244), पाकिस्तान (240) और वेस्टइंडीज (233) अपने-अपने स्थान पर कायम हैं।
हालांकि, श्रीलंका (221) को छह अंकों का नुकसान हुआ है और वह नौवें स्थान पर खिसक गया है, जबकि बांग्लादेश (225) एक स्थान ऊपर उठकर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान (220) 10वें स्थान पर है और श्रीलंका के काफी करीब है।
जिम्बाब्वे और आयरलैंड क्रमशः 11वें और 12वें स्थान पर हैं।
आईसीसी ने आगे बताया, “उत्तर अमेरिका में तेजी से उभरती टीम अमेरिका ने छह अंक हासिल कर दो स्थान की छलांग लगाई है और अब वह 13वें स्थान पर पहुंच गई है। उसने नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड को पीछे छोड़ दिया है, जो क्रमशः 14वें और 15वें स्थान पर हैं।”
“नामीबिया 16वें स्थान पर कायम है, जबकि नेपाल (17वें) और ओमान (19वें) ने एक-एक स्थान की बढ़त हासिल की है और यूएई (18वें) तथा कनाडा (20वें) को पीछे छोड़ा है।”
इस बीच, आईसीसी ने यह भी जानकारी दी कि रैंकिंग में शामिल टीमों की संख्या 102 से घटकर 98 हो गई है।
आईसीसी ने कहा, “फिजी, गाम्बिया, ग्रीस और इज़राइल रैंकिंग में जगह नहीं बना सके क्योंकि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में आवश्यक आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले।”








