
ऋषभ पंत के लिए IPL 2026 काफी निराशाजनक रहा। बल्लेबाजी में वह संघर्ष करते नजर आए और उनकी कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर होकर अंक तालिका में सबसे नीचे रही।
हालांकि, भारत के पूर्व विकेटकीपर और मुख्य चयनकर्ता किरण मोरे ने पंत का समर्थन करते हुए कहा है कि वह जोरदार वापसी करेंगे।
पंत ने IPL 2026 में 13 मैचों में 286 रन बनाए। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में भारत के उपकप्तान पद से भी उन्हें हटाकर केएल राहुल को जिम्मेदारी दी गई, जबकि वनडे टीम में दूसरे विकेटकीपर की जगह ईशान किशन को मौका मिला।
इसके बावजूद किरण मोरे का मानना है कि पंत को कम आंकना बड़ी गलती होगी।
मोरे ने IANS से कहा, “नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं है। मैं उनसे बिल्कुल निराश नहीं हूं। पंत टीम में हैं और मैं इससे बहुत खुश हूं। वह एक फाइटर हैं, बेहद साहसी खिलाड़ी हैं, उनका दिल बहुत बड़ा है और उन्होंने अकेले दम पर भारत को टेस्ट मैच जिताए हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने उनके साथ काफी करीब से काम किया है और मैं उन्हें बहुत अच्छी तरह जानता हूं।”
मोरे का कहना है कि हर क्रिकेटर अपने करियर में ऐसे कठिन दौर से गुजरता है।
उन्होंने कहा, “हर खिलाड़ी के जीवन में ऐसा समय आता है। इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि वह शानदार और मजबूत वापसी करेंगे।”
मोरे ने पंत के सड़क हादसे के बाद क्रिकेट में उनकी वापसी को याद करते हुए कहा, “जब उनकी जान बची और वह दोबारा टीम में लौटे, तब उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। उसके मुकाबले यह मौजूदा दौर कुछ भी नहीं है।”
वहीं राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी मोरे ने जमकर तारीफ की।
वैभव ने IPL 2026 में 13 मैचों में 236.32 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 579 रन बनाए हैं।
मोरे ने उन्हें बेहद खास और दुर्लभ प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताया।
उन्होंने कहा, “देखिए, वह बहुत खास खिलाड़ी है। भगवान ने उसे बनाया है और भारत भेजा है, यह हमारे लिए बड़ी बात है। आने वाले समय में आप उसे खूब रन बनाते देखेंगे।”
मोरे ने आगे कहा, “अगर कभी वह रन नहीं भी बनाए, तब भी वह मेरे लिए खास खिलाड़ी रहेगा। लेकिन उस पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए, क्योंकि इतनी कम उम्र में वह शानदार प्रदर्शन कर रहा है।”
उन्होंने कहा, “उसमें एक अलग ही ‘वाओ फैक्टर’ है और मैं चाहता हूं कि जब भी वह भारत के लिए डेब्यू करे, तो टेस्ट, वनडे और टी20— तीनों फॉर्मेट खेले।”








