यशस्वी जायसवाल ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की, खुद को ‘सेकेंड फिडल’ खेलने में बताया खुश!

यशस्वी जायसवाल ने कहा कि जब उनके ओपनिंग पार्टनर वैभव सूर्यवंशी विरोधी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हैं, तो वह इसे करीब से देखने का पूरा आनंद लेते हैं और 15 साल के इस बल्लेबाजी सनसनी के साथ दूसरे छोर पर रहकर खुश हैं।

पंजाब किंग्स के 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की ओपनिंग जोड़ी ने 51 रन की साझेदारी की, जिसमें से अकेले सूर्यवंशी ने 43 रन बनाए।

मैच के बाद 27 गेंदों में 51 रन बनाने वाले जायसवाल ने कहा, “यह शानदार है। मुझे उसके साथ बल्लेबाजी करने में मजा आता है। मैं हमेशा दूसरे छोर पर रहने के लिए खुश रहता हूं।”

जब उनसे पूछा गया कि सूर्यवंशी के साथ खेलते हुए सीनियर भूमिका निभाना कैसा लगता है, तो 24 वर्षीय जायसवाल ने कहा कि वह खुद भी ज्यादा बड़े नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “मैं अभी भी बहुत युवा हूं। उसके बारे में क्या कहूं, समझ नहीं आता। हमें अपना इरादा बनाए रखना था। हमें अच्छा स्टार्ट चाहिए था क्योंकि हमें 200 से ज्यादा रन बनाने थे।”

जायसवाल ने टीम के ड्रेसिंग रूम के माहौल की भी तारीफ की और कहा कि वहां एक सकारात्मक वातावरण है, जहां खिलाड़ी एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं।

उन्होंने कहा, “हर कोई एक-दूसरे पर भरोसा करता है। हमारी टीम बहुत अच्छी है, हम प्रक्रिया पर ध्यान देते हैं। हम सब बहुत एंजॉय कर रहे हैं, माहौल शानदार है। मैदान पर मजा लेना जरूरी है और हमें अपना इरादा बनाए रखना है।”

वहीं पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का मानना था कि 222 रन का स्कोर बचाया जा सकता था, लेकिन गेंदबाजी में सही क्रियान्वयन की कमी रह गई।

उन्होंने कहा, “224 (222) एक शानदार स्कोर था, बल्लेबाजों को श्रेय जाता है। इस पिच पर यह बेहतरीन प्रदर्शन था, जो थोड़ी धीमी थी। हम गेंदबाजी में सही तरीके से अमल नहीं कर पाए। बीच के ओवरों में फरेरा और दुबे की साझेदारी ने उन्हें मजबूती दी। इस फॉर्मेट में खिलाड़ी पहली गेंद से ही आक्रामक खेलते हैं। आखिर में बात क्रियान्वयन की होती है।”

श्रेयस ने इस हार को सिर्फ एक खराब दिन बताया, क्योंकि उनकी टीम ने पहले सात में से छह मैच जीते थे और एक मैच रद्द हुआ था।

उन्होंने कहा, “आज हमारा दिन नहीं था। जरूरी है कि हम वही करते रहें जो अब तक करते आए हैं। शरीर थोड़ा थका हुआ था, लेकिन यह बहाना नहीं हो सकता। हमारे पास कुछ दिन हैं, हम वापसी करेंगे। यह हमारी पहली हार है और इससे बहुत कुछ सीखने को मिलता है।”

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टीम के मिडिल ऑर्डर पर हो रही आलोचना पर भी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा, “चिंता बाहर के लोगों को थी, हमें नहीं। जब मिडिल ऑर्डर नहीं चलता, तो टॉप ऑर्डर जिम्मेदारी लेता है। और जब टॉप ऑर्डर धीमा खेलता है, तो मिडिल ऑर्डर संभालता है। सारी चिंता बाहर थी, हमारी नहीं।”