शॉन पोलॉक ने आरसीबी कप्तान को फ्रेंचाइज़ी का सबसे महान बताया!

आईपीएल 2026 में आठ मैचों में छह जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। रजत पाटीदार ने पिछले साल इतिहास रचते हुए आरसीबी को उसका पहला आईपीएल खिताब जिताया, जो अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस जैसे दिग्गज कप्तान भी नहीं दिला पाए थे।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान शॉन पोलॉक का मानना है कि इतिहास पाटीदार को आरसीबी के सबसे महान कप्तानों में गिनेगा।

उन्होंने क्रिकबज पर कहा, “उन्हें आरसीबी का सबसे महान कप्तान माना जाएगा। सीधे तौर पर कहूं तो, अपने पहले ही साल में टीम को खिताब दिलाना बड़ी बात है। इस साल भी वे लगभग प्लेऑफ में पहुंच चुके हैं और ऐसा नहीं लगता कि वे इतने मैच हारेंगे कि क्वालिफाई न कर पाएं।”

उन्होंने आगे कहा,“इतने सालों से बिना खिताब वाली फ्रेंचाइज़ी को संभालना और उसे ट्रॉफी दिलाना बहुत बड़ी उपलब्धि है। ऐसा लग रहा है कि टीम फिर से टॉप-2 में खत्म कर सकती है। फिलहाल, वह इस टीम के GOAT हैं।”

वहीं पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने हाल ही में स्टार स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में एक दिलचस्प जवाब दिया। जब उनसे पूछा गया कि वह किस कप्तान से सीखना चाहेंगे, तो उन्होंने बड़े नामों की बजाय रजत पाटीदार को चुना।

इस बीच, आरसीबी के बल्लेबाजी कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक ने भी पाटीदार की कप्तानी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पाटीदार का नेतृत्व शांत और स्पष्ट है, और टीम में उन्हें काफी सम्मान मिलता है।

कार्तिक ने यह भी कहा कि पाटीदार दबाव में भी शांत रहते हैं और अपने गेंदबाजों को आत्मविश्वास के साथ संभालते हैं। उन्हें जितेश शर्मा के साथ-साथ विराट कोहली, जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा समर्थन मिलता है।

उन्होंने आगे कहा कि पाटीदार का सरल स्वभाव उनकी कप्तानी में भी झलकता है। वह शांत रहते हैं, स्पष्ट फैसले लेते हैं और दबाव की स्थितियों को बहुत अच्छे से संभालते हैं।