
भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने शनिवार को कहा कि लंदन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले महिला टी20 विश्व कप के अहम मुकाबले में टीम आक्रामक अंदाज में क्रिकेट खेलेगी।
भारत सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए रविवार को छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराना जरूरी है। दक्षिण अफ्रीका के साथ अंक तालिका में कड़ी टक्कर के बीच यह मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा है।
मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्मृति मंधाना ने कहा, “यह जाहिर तौर पर बहुत बड़ा मुकाबला है। हमने आपस में काफी बात की है कि हमें आक्रामक क्रिकेट खेलना है और यही हमारा लक्ष्य रहेगा। कल हम उसी सोच के साथ मैदान पर उतरेंगे।”
मंधाना ने स्वीकार किया कि इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाजी इकाई अब तक अपनी पूरी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
उन्होंने कहा, “बैटिंग मीटिंग में हम लगातार इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि हमें सकारात्मक सोच के साथ बल्लेबाजी करनी है। जैसा हम चाहते थे, वैसा अब तक नहीं हो पाया है। लेकिन मुझे लगता है कि हमारी बल्लेबाजी इकाई का हर खिलाड़ी खुलकर खेलने के लिए उत्साहित है।”
मंधाना का मानना है कि पिछले चार-पांच वर्षों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा, “हमने ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था और उससे हमें काफी आत्मविश्वास मिला है। महिला प्रीमियर लीग (WPL) की वजह से खिलाड़ी बड़े मुकाबलों के दबाव को पहले से कहीं बेहतर तरीके से संभालना सीख रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि अब दोनों टीमों के बीच का अंतर काफी कम हो गया है। हमारी कई खिलाड़ी बिग बैश लीग में भी खेल चुकी हैं, जिससे अनुभव बढ़ा है। पिछले चार-पांच वर्षों में भारतीय टीम ने जिस तरह का क्रिकेट खेला है, उससे यह अंतर निश्चित रूप से घटा है।”
29 वर्षीय मंधाना ने उम्मीद जताई कि वह और उनकी ओपनिंग जोड़ीदार शेफाली वर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम को मजबूत शुरुआत दिलाएंगी।
उन्होंने कहा, “इंग्लैंड सीरीज हमारे लिए काफी शांत रही थी। हम दोनों भारत को फिर से अच्छी शुरुआत दिलाने के लिए बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि जब भी हमारी ओपनिंग साझेदारी मजबूत रहती है, टीम अच्छी स्थिति में पहुंच जाती है। शेफाली जिस तरह से बल्लेबाजी कर रही हैं, उसे देखकर मैं बहुत खुश हूं और उम्मीद है कि हम मिलकर फिर एक शानदार साझेदारी करेंगे।”
मंधाना ने यह भी बताया कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन और श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा के साथ हुई बल्लेबाजी पर चर्चा से उन्हें काफी फायदा मिला है।
उन्होंने कहा, “मैं हमेशा से संगकारा सर और मैथ्यू हेडन को अपना आदर्श मानती रही हूं। अपने कठिन दौर में भी मैं उनकी बल्लेबाजी के वीडियो देखा करती थी। जब मैंने हेडन को कमेंट्री करते देखा तो मैं उनसे बात करने के लिए काफी उत्साहित थी।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी अच्छी बातचीत हुई। मैं उनसे ग्रिप और बल्लेबाजी से जुड़ी कुछ बातें जानना चाहती थी। मैंने मजाक में उनसे यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले मुझसे बात करना शायद उन्हें पसंद न आए, लेकिन वह बहुत ही विनम्र और सहयोगी रहे। उन्होंने कई अहम बातें साझा कीं, जिन्हें मैं अपनी बल्लेबाजी में लागू करने की कोशिश करूंगी।”







