महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले क्यों नाराज है इंग्लैंड टीम!

रविवार को लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम इस बात से नाराज है कि रीटा ओरा की परफॉर्मेंस उनके गेंदबाजों के पारंपरिक प्री-मैच रूटीन को प्रभावित करेगी।

दो चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच होने वाले इस बड़े मुकाबले से 30 मिनट पहले पॉप स्टार रीटा ओरा टूर्नामेंट की क्लोजिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगी। यह कार्यक्रम “होम ऑफ क्रिकेट” कहे जाने वाले लॉर्ड्स के आउटफील्ड पर दोपहर 2:30 बजे से 3:00 बजे (1330 से 1400 GMT) तक होगा।

परफॉर्मेंस से पहले और बाद में टीमों को मुख्य मैदान पर आने की अनुमति होगी, लेकिन इस दौरान किसी भी तरह की वार्म-अप गतिविधियां नर्सरी ग्राउंड पर करनी होंगी, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर ट्रेनिंग के दिनों में नेट प्रैक्टिस के लिए होता है।

हालांकि, ओरा की परफॉर्मेंस ऐसे समय पर रखी गई है जब गेंदबाज आमतौर पर मैदान पर जाकर अपना रन-अप मार्क करते हैं और उसी पिच के आसपास अभ्यास करते हैं जहां उन्हें मैच खेलना होता है। ऐसे में यह बदलाव गेंदबाजों के लिए थोड़ा निराशाजनक साबित हो सकता है।

बड़े टूर्नामेंट के अंत में आउटफील्ड पर क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित करना अब आम होता जा रहा है। हालांकि माना जा रहा है कि इंग्लैंड इसे कोई बड़ा मुद्दा नहीं मान रहा है, लेकिन कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने साफ किया कि उनकी कुछ साथी खिलाड़ी इससे खुश नहीं हैं।

साइवर-ब्रंट ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, “जाहिर है, मैच से पहले की तैयारियों में कुछ बदलाव होंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “कुछ खिलाड़ियों को मैच से पहले मैदान पर जाकर बॉलिंग करना पसंद होता है। जब इंग्लैंड के खिलाड़ियों को इस बारे में पता चला तो कुछ चेहरे जरूर उतर गए थे।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जब आप फाइनल खेल रहे होते हैं तो ऐसी कई चीजें होती हैं जो दोनों टीमों के खेल से अलग होती हैं। उम्मीद है कि हम अपनी तैयारी सामान्य तरीके से कर पाएंगे।”

वहीं ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू इस स्थिति को लेकर ज्यादा परेशान नजर नहीं आईं।

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अगर रीटा ओरा यहां हैं, तो मुझे लगता है कि हम डांस फ्लोर खाली कर सकते हैं, यह तो पक्का है।”