टी20 विश्व कप को प्राथमिकता, पैट कमिंस के लिए एशेज का सफर समय से पहले खत्म!

एडिलेड में एशेज में शानदार “हिट-एंड-रन” प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस अब कुछ समय के लिए आराम करेंगे और अगले साल फरवरी में भारत-श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

जून-जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे के दौरान लगी लोअर-बैक चोट के कारण कमिंस एशेज के पहले दो टेस्ट नहीं खेल पाए थे। हालांकि, उन्होंने एडिलेड में तीसरे टेस्ट से शानदार वापसी की और सीरीज़ जीत दिलाने में छह विकेट झटके।

एशेज की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी दो टेस्ट मैचों से कमिंस को बाहर रखने का फैसला किया। 32 वर्षीय कमिंस ने शुक्रवार को बताया कि वह अब आराम करेंगे और फिर टी20 विश्व कप पर फोकस करेंगे, जो फरवरी की शुरुआत में शुरू होगा।

मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन लंच ब्रेक के दौरान चैनल 7 से बातचीत में कमिंस ने कहा, “मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं, एडिलेड में बिना किसी परेशानी के खेल पाया, इसलिए काफी खुश हूं। कुछ हफ्ते पहले तक मैं पीठ की चोट से उबर रहा था, ऐसे में लगातार टेस्ट खेलना काफी जोखिम भरा होता। अब थोड़ा आराम करेंगे और अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप पर ध्यान देंगे।”

इससे पहले कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा था कि टी20 विश्व कप अभियान को लेकर कमिंस की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता है, लेकिन कमिंस ने भरोसा जताया।

ऑस्ट्रेलिया का पहला मुकाबला 11 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ होगा। टी20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी मिच मार्श करेंगे, जबकि टेस्ट और वनडे टीमों की कमान कमिंस के पास ही रहेगी।

कमिंस ने यह भी बताया कि अनुभवी स्पिनर नाथन लायन को हैमस्ट्रिंग सर्जरी के कारण लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ेगा। एडिलेड टेस्ट के आखिरी दिन लायन को यह चोट लगी थी और तुरंत उनकी सर्जरी कराई गई।

ऑस्ट्रेलिया का अगला टेस्ट एशेज के बाद अगस्त में है, इसलिए लायन के पास रिकवरी के लिए पर्याप्त समय होगा।

कमिंस ने कहा, “दो दिन पहले उसकी सर्जरी हुई है, इसलिए उसे लंबा ब्रेक लेना पड़ेगा—कम से कम कुछ महीनों का। उसके लिए रास्ता थोड़ा लंबा है, लेकिन वह पहले भी इससे उबर चुका है, उम्मीद है फिर लौटेगा। यह बड़ी चोट थी, इसलिए सर्जरी करनी पड़ी। इस समय वह ड्रेसिंग रूम में बैसाखियों के सहारे है। हमें उसके लिए शुभकामनाएं हैं… यह दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन उसने टेस्ट के बाद भी हिम्मत बनाए रखी।”