
टीम के भारत में अपने मैच खेलने से इनकार को लेकर चल रहे लंबे विवाद के बीच बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने कहा है कि वह “पक्का नहीं कह सकते” कि उनका देश अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगा भी या नहीं।
बीसीसीआई के आदेश पर गेंदबाज़ मुस्ताफ़िज़ुर रहमान को आईपीएल से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमलों के चलते इस समय भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक रिश्तों में भी तनाव बना हुआ है।
ESPNcricinfo के हवाले से दास ने मंगलवार को कहा,
“अगर हमें पहले से पता होता कि वर्ल्ड कप में हमारे ग्रुप के विरोधी कौन हैं या हमें किस देश में जाना है, तो यह मददगार होता।”
“आप देख सकते हैं कि हमने टीम घोषित कर दी है, लेकिन अब तक किसी भी खिलाड़ी को नहीं पता कि हम किस देश जा रहे हैं या किसके खिलाफ खेलेंगे। मेरी तरह पूरा बांग्लादेश इस समय अनिश्चितता में है।”
बांग्लादेश ने अनुरोध किया है कि उसके मैच श्रीलंका में कराए जाएँ। जब दास से इस पर और पूछा गया तो उन्होंने उल्टा सवाल कर दिया।
“क्या आप पक्के तौर पर कह सकते हैं कि हम वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं? हकीकत यह है कि वर्ल्ड कप में अभी भी काफी समय है और हमें खुद नहीं पता कि हम जाएंगे भी या नहीं,” उन्होंने कहा।
हालांकि उन्होंने भारत-बांग्लादेश के बीच मौजूदा राजनीतिक तनाव पर बात करने से बचते हुए कहा कि खिलाड़ी बोर्ड के किसी भी फैसले के अनुसार खुद को ढाल लेंगे।
“ज़िंदगी में बहुत सी चीज़ें परफेक्ट नहीं होतीं, लेकिन हालात के हिसाब से उन्हें स्वीकार करना पड़ता है। बीपीएल में इतने सारे मैच खेलना भी परफेक्ट नहीं था, फिर भी हमें खेलना पड़ा,” दास ने कहा।








