
मंगलवार को आईपीएल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को करारी हार का सामना करना पड़ा, जब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 82 रन से हरा दिया। मुश्किल विकेट पर एसआरएच ने गुजरात को 168/5 पर रोककर अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और जेसन होल्डर ने हैदराबाद की स्टार बल्लेबाजी लाइनअप को तहस-नहस कर दिया और टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई।
शायद ओपनर्स ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा अगर थोड़ा संभलकर शुरुआत करते तो लक्ष्य का पीछा बेहतर तरीके से किया जा सकता था, लेकिन दोनों पहले दो ओवरों में ही आउट हो गए। पावरप्ले तक एसआरएच का स्कोर 4 विकेट पर 32 रन था। इतनी बड़ी हार के बावजूद टीम के कोच डेनियल विटोरी ने बल्लेबाजों के एप्रोच का समर्थन किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विटोरी ने कहा, “हम हमेशा पावरप्ले में अच्छी शुरुआत करना चाहते हैं, यही हमारी रणनीति रहती है।”
उन्होंने आगे कहा, “आज भले ही उन्होंने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन शुरुआती दो विकेट कुछ दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से गिरे। उसके बाद वापसी करना मुश्किल हो गया क्योंकि वे लगातार दबाव बनाते रहे। हमें पता था कि उनकी गेंदबाजी लाइनअप, जिसमें पांच तेज गेंदबाज और राशिद खान शामिल हैं, हमारे लिए बड़ी चुनौती होगी। हमें वैसी शुरुआत नहीं मिली जैसी हम चाहते थे और उन्होंने पूरे मैच में इसका फायदा उठाया।”
विटोरी ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “यह वास्तव में शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन था। शुरुआत में रबाडा और सिराज ने बेहद आक्रामक स्पेल डाला और फिर जेसन होल्डर ने अपनी लेंथ से कमाल कर दिया।”
अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड के जल्दी आउट होने के बाद एसआरएच ने फॉर्म में चल रहे हेनरिक क्लासेन को नीचे बल्लेबाजी के लिए भेजा।
आमतौर पर नंबर 4 पर आने वाले क्लासेन इस मैच में नंबर 6 पर उतरे, जबकि स्मरण रविचंद्रन और सलिल अरोड़ा को उनसे पहले भेजा गया। विटोरी ने बताया कि बल्लेबाजी क्रम में बदलाव टीम की खराब शुरुआत की वजह से किया गया।
उन्होंने कहा, “जब स्कोर 3 विकेट पर 23 रन था और हमने स्मरण को भेजा, तब हमारा विचार था कि क्लासेन को थोड़ा पीछे रखा जाए ताकि वह मिडिल ओवर्स में ज्यादा प्रभाव डाल सकें। कभी-कभी आपको मानना पड़ता है कि सामने वाली टीम ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की और ऐसे दबाव में गलतियां हो जाती हैं।”
विटोरी ने बल्लेबाजों का बचाव करते हुए कहा,
“मैं बल्लेबाजी यूनिट को बिल्कुल दोष नहीं दूंगा। उन्होंने इस पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। आईपीएल में हर टीम के साथ कभी न कभी ऐसा खराब दिन आता है और आज वह दिन हमारा था। लेकिन मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि यह टीम वापसी नहीं कर पाएगी।”








