रवींद्र जडेजा का दमदार प्रदर्शन, बोले— पत्नी रिवाबा ने पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी!

रवींद्र जडेजा ने बुधवार को आईपीएल मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की जीत में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उनके इस दमदार खेल ने टीम को लगातार दो हार के बाद फिर से जीत की राह पर ला दिया।
अनुभवी ऑलराउंडर जडेजा ने 77/5 की मुश्किल स्थिति से टीम को संभालते हुए नाबाद 43 रन की पारी खेली और टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। गेंदबाज़ी में भी उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज़ निकोलस पूरन (22) को आउट कर अहम योगदान दिया, जो मिचेल मार्श के साथ साझेदारी बना रहे थे।

जडेजा को दो साल बाद आईपीएल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड मिला, जिसे उन्होंने अपनी पत्नी रिवाबा को समर्पित किया। उन्होंने बताया कि मैच से एक दिन पहले ही रिवाबा ने उनके अच्छे प्रदर्शन की भविष्यवाणी कर दी थी।

“मैन ऑफ द मैच जीतकर अच्छा लग रहा है। मैं यह अवॉर्ड गुजरात की शिक्षा मंत्री (मेरी पत्नी) को समर्पित करना चाहता हूं। उन्होंने कल ही कहा था कि मैं अच्छा करूंगा और मैंने वैसा ही किया। पिच बल्लेबाज़ी के लिए आसान नहीं थी क्योंकि गेंद सीम और स्विंग हो रही थी। मैं जितना हो सके लंबा खेलना चाहता था। टी20 में कभी भी आखिरी ओवर में मैच बदल सकता है, और हमने वही किया,” जडेजा ने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में कहा।
जडेजा ने इम्पैक्ट खिलाड़ी शुभम दुबे (11 गेंदों में नाबाद 19 रन) के साथ मिलकर 49 रनों की अहम साझेदारी की, जिसने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इससे पहले एलएसजी के गेंदबाज़ मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लेकर मैच को संतुलित बनाए रखा था।

160 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज़ों ने शानदार शुरुआत की और पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। बेहतरीन फील्डिंग के साथ उन्होंने एलएसजी को लगातार चौथी हार थमा दी।

जोफ्रा आर्चर ने गेंदबाज़ी अटैक की अगुवाई की और उन्हें नांद्रे बर्गर व बृजेश शर्मा का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने दो-दो विकेट लिए। वहीं जडेजा और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट लिया। एलएसजी की टीम 18 ओवर में सिर्फ 119 रन पर ऑलआउट हो गई।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।