रिपोर्ट: आईपीएल 2026 फाइनल के लिए पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी को नहीं मिला निमंत्रण!

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी आईपीएल 2026 फाइनल के लिए अहमदाबाद नहीं जाएंगे, क्योंकि उन्हें इस मुकाबले के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। हालांकि, वह 31 मई को होने वाली ICC वार्षिक बोर्ड बैठक में वर्चुअली शामिल होंगे। यह बैठक टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान आयोजित की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, नकवी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ICC बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में हिस्सा लेंगे। यह सुविधा हमेशा उन सदस्य प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध रहती है जो यात्रा करने में असमर्थ होते हैं।

दरअसल, ICC की यह बैठक पिछले महीने दोहा में आयोजित होनी थी, लेकिन पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अस्थिरता के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, नकवी के व्यक्तिगत रूप से बैठक में शामिल होने की उम्मीद पहले से ही नहीं थी और उनका ऑनलाइन जुड़ना ICC प्रोटोकॉल के अनुरूप ही है।

बताया जा रहा है कि नकवी उन तीन प्रतिनिधियों में शामिल हैं जो इस बैठक में ऑनलाइन हिस्सा लेंगे। यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यह अहमदाबाद में आईपीएल फाइनल के साथ-साथ आयोजित होगी और दुनिया भर के क्रिकेट बोर्डों के कई बड़े प्रशासकों के इसमें शामिल होने की संभावना है।