
बिहार के युवा सनसनी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी के भारत की टी20 टीम में चयन से उनका परिवार बेहद खुश और गर्व महसूस कर रहा है। परिवार का मानना है कि 15 वर्षीय वैभव की वर्षों की मेहनत अब रंग ला रही है।
वैभव सूर्यवंशी ने सचिन तेंदुलकर का लंबे समय से कायम रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत की किसी भी क्रिकेट टीम में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है। 15 वर्ष और 71 दिन की उम्र में उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है।
समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वाले वैभव भारतीय टीम के साथ पहले आयरलैंड दौरे पर जाएंगे, जहां भारत 26 और 28 जून को दो टी20 मैच खेलेगा। इसके बाद टीम इंग्लैंड के खिलाफ 1 से 11 जुलाई तक पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी।
वैभव के पिता संजय सूर्यवंशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “बचपन से उसने अपने खेल के लिए जो मेहनत की थी, आज उसका फल मिल रहा है। देश के लिए खेलने का मौका मिलना बहुत बड़ी उपलब्धि है। आज मेरी इच्छा पूरी हो गई है।”
उन्होंने चयनकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने वैभव पर भरोसा जताया है और अब युवा खिलाड़ी को उस भरोसे पर खरा उतरना होगा।
वैभव की दादी उषा सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमारे लिए यह बहुत गर्व और खुशी की बात है कि मेरा पोता अब सीनियर स्तर पर देश के लिए खेलने जा रहा है।”
वहीं उनके चाचा राजीव सूर्यवंशी ने इस चयन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “इससे ज्यादा हम और क्या मांग सकते हैं? मैं चयनकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं और वैभव को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।”
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव के भारतीय टीम में चयन की उम्मीद पहले से ही जताई जा रही थी। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा और उन्होंने टूर्नामेंट का ऑरेंज कैप भी अपने नाम किया।
अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस युवा प्रतिभा पर होंगी, जो इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर कदम रखने जा रहा है।








