आईपीएल 2026: जसप्रीत बुमराह की अस्थिरता और भुवनेश्वर कुमार की शानदार वापसी के पीछे क्या वजह है?

सीनियर भारतीय तेज गेंदबाज़ उमेश यादव का मानना है कि अनुभवी पेसर भुवनेश्वर कुमार इस आईपीएल में इसलिए सफल रहे हैं क्योंकि उनकी तैयारी और भूमिका पूरी तरह स्पष्ट है, जबकि जसप्रीत बुमराह जरूरत से ज्यादा प्रयोग करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी वजह से उनका प्रदर्शन लगातार अस्थिर रहा है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए नौ मैचों में 17 विकेट लेकर भुवनेश्वर कुमार फिलहाल इस सीजन के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं। वहीं मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह ने 10 मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं और संघर्ष करते नजर आए हैं।

पीटीआई के अनुसार जियोहॉटस्टार हिंदी पर उमेश यादव ने कहा, “भुवी और उनकी टीम की प्लानिंग बिल्कुल साफ है। वह पावरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में गेंदबाज़ी करते हैं और उनका गेम प्लान तय रहता है। वह दोनों तरफ स्विंग कराने में सक्षम हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “भुवी अपनी लाइन-लेंथ और विविधता में लगातार स्थिर हैं, जबकि बुमराह बहुत सारी चीजें आजमा रहे हैं, जिससे उनके लिए परेशानी खड़ी हो रही है।”

“इस सीजन बुमराह मुंबई के लिए लगातार एक जैसी भूमिका में नहीं दिखे। कभी उनसे पावरप्ले में गेंदबाज़ी करवाई जाती है तो कभी ऐसे समय में जब मैच में दबाव ही नहीं होता। इसका असर उन पर पड़ रहा है। मुंबई इंडियंस को बुमराह के लिए आक्रामक मौके बनाने चाहिए और उन्हें विकेट लेने के अवसर देने चाहिए।”

उमेश यादव ने यह भी कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स को ऋषभ पंत की खराब फॉर्म का बड़ा नुकसान हुआ है और टीम सही संयोजन भी नहीं बना पाई।

उन्होंने कहा, “यह उनका (पंत का) फैसला है, उनके ऊपर जिम्मेदारी है और उन्हें फैसले लेने होंगे। पिछले दो सालों से उनका और टीम का प्रदर्शन गिरा है। इस साल बल्लेबाज़ी भी पिछले साल जैसी स्थिर नहीं रही।”

“टीम का संयोजन सेट नहीं हो पा रहा है। पंत की फॉर्म अच्छी नहीं है, निकोलस पूरन ने भी सिर्फ पिछले मैच में रन बनाए। उनके लिए कुछ भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा। इस साल बल्लेबाज़ी सबसे बड़ी समस्या है। टी20 में हर खिलाड़ी का योगदान जरूरी होता है।”

उन्होंने आगे कहा, “उनकी बल्लेबाज़ी क्रम भी स्थिर नहीं है। आप लगातार तलाश में लगे हुए हैं। आपको थोड़ा भरोसा दिखाना होगा और हर मैच में बल्लेबाज़ी क्रम नहीं बदलना चाहिए। इसके लिए बैठकर बल्लेबाज़ों से बातचीत करनी होगी।”

जब उमेश से पूछा गया कि कौन-सी टीमें प्लेऑफ में पहुंच सकती हैं, तो उन्होंने कहा, “पंजाब, आरसीबी, राजस्थान और एसआरएच टॉप-4 के सबसे मजबूत दावेदार लग रहे हैं।”