
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने शनिवार को कहा कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में खेले गए आईपीएल मुकाबले के दौरान उनकी टखने में मोच आ गई थी, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार 44 गेंदों में 84 रन की पारी पूरी की और टीम को 77 रन से जीत दिलाने में मदद की।
गिल की पारी, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे, टाइमिंग और शानदार शॉट्स का बेहतरीन उदाहरण थी। बाएं पैर में दर्द महसूस होने के बावजूद उन्होंने आक्रामक और खूबसूरत बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन का अपना चौथा आईपीएल अर्धशतक लगाया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए गिल और साई सुदर्शन (36 गेंदों में 55 रन) ने पहले विकेट के लिए 118 रन की मजबूत साझेदारी की, जिससे टीम 229/4 तक पहुंची।
इसके बाद अनुभवी लेग स्पिनर राशिद खान ने 4/33 के शानदार आंकड़े दर्ज किए, जबकि जेसन होल्डर ने 3/12 विकेट लिए। 230 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम 16.3 ओवर में 152 रन पर सिमट गई।
मैच के बाद गिल ने कहा, “रन लेते समय शायद मेरा टखना थोड़ा मुड़ गया था। काफी दर्द हो रहा था, लेकिन करीब आधे घंटे बाद ठीक लगने लगा। जीत से बहुत खुश हूं। अगला मैच घर पर है और उम्मीद है कि वहां भी अच्छा मुकाबला होगा।”
गिल ने कहा कि यह उनकी टीम के लिए लगभग एक परफेक्ट मैच था।
“हाँ, बिल्कुल। इस मैच से पहले भी हमने बात की थी कि अब तक हमारा कोई भी मुकाबला पूरी तरह परफेक्ट नहीं रहा था। मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक क्लीन विन थी। हमने 10-15 रन अतिरिक्त बनाए। स्पिनरों के खिलाफ छक्के और चौके लगाना आसान नहीं था। हमें हमेशा पता था कि अगर पावरप्ले में कुछ विकेट मिल जाएं, तो मैच हमारे पक्ष में रहेगा।”
गिल ने यह भी बताया कि पावरप्ले में कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज से तीन-तीन ओवर करवाने के पीछे क्या सोच थी।
“हम मानते हैं कि शुरुआत में दबाव बनाना बहुत जरूरी है। अगर विकेट मिलते हैं तो मिडिल ओवर्स में गेंदबाजों को आक्रमण करने का ज्यादा मौका मिलता है। आपको लगातार विकेट लेने होंगे, इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है।”
प्लेयर ऑफ द मैच राशिद खान ने कहा कि इस सीजन उनका फोकस अपने खेल का आनंद लेने पर है।
“मैं काफी खुश हूं। पिछले दो सीजन मेरे लिए थोड़े अलग रहे थे। इस बार मैं खुद को एंजॉय करने और लगातार सही एरिया में गेंदबाजी करने पर ध्यान दे रहा हूं। अभी तक उससे खुश हूं।”
राशिद ने अपनी सर्जरी के बाद जल्द वापसी को गलती बताया।
“जब मेरी सर्जरी हुई थी, तब मैं सिर्फ दो महीने में वापस आ गया था। वह बहुत बड़ी गलती थी। पिछले साल आईपीएल खत्म होने के बाद मैंने 2-3 महीने का ब्रेक लिया और फिटनेस पर काम किया। गेंदबाजी की जो रिदम थी, वह मिस कर रहा था। फिर ‘द हंड्रेड’ में अच्छा प्रदर्शन किया और उसके बाद लय बनी रही।”
राजस्थान के खिलाफ प्रदर्शन पर राशिद ने कहा,
“पहली ही गेंद डालते वक्त मुझे एहसास हो गया था कि विकेट से मदद मिल रही है। मैं अपनी गति में बदलाव करने की कोशिश कर रहा था। अगर मैं स्टंप्स से दूर गेंद डालता, तो बल्लेबाज आसानी से सिंगल या बाउंड्री ले सकते थे। इसलिए मैंने सही लेंथ और लाइन पर ध्यान दिया।”
भारतीय स्पिनरों के साथ काम करने को लेकर अफगान स्टार ने कहा, “यह बहुत अच्छा अनुभव है। हम लंबे समय से साथ हैं। ऐसे खिलाड़ियों का आसपास होना जरूरी होता है। जब मैं यहां आता हूं तो भारत के अलग-अलग मैदानों पर गेंदबाजी को लेकर अच्छी बातचीत होती है और मैं अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी साझा करता हूं।
आधुनिक क्रिकेट में ज्यादा वैरिएशन की जरूरत होती है। साई किशोर अपनी वैरिएशंस और Wrong’un पर काफी मेहनत कर रहे हैं। उम्मीद है जल्द मैचों में देखने को मिलेगा।”
राजस्थान रॉयल्स के कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने माना कि गुजरात की बल्लेबाजी उनकी टीम से बेहतर रही।
“हम सिर्फ अच्छी जगह गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। हम बाउंड्री रोकने की सोच रहे थे, लेकिन उन्होंने शानदार खेल दिखाया।”
जॉफ्रा आर्चर के खराब प्रदर्शन पर जायसवाल ने कहा, “यह क्रिकेट है। कुछ दिन ऐसे होते हैं जब आप वैसी गेंदबाजी नहीं कर पाते जैसी चाहते हैं। उन्होंने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया है और मुझे भरोसा है कि वह जोरदार वापसी करेंगे। हम इस मैच से सीख लेकर आगे बेहतर करने की कोशिश करेंगे।”








