
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने रविवार को चेन्नई में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पांच विकेट से हार के बाद कहा कि उनकी टीम ने पर्याप्त रन बनाए थे, लेकिन खराब फील्डिंग भारी पड़ गई।
जोश इंग्लिस ने शानदार 85 रन की पारी खेली थी, लेकिन बाद में सीएसके के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए एलएसजी को 203/8 पर रोक दिया। इसके बाद उर्विल पटेल की 23 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत सीएसके ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस हार के साथ एलएसजी की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। यह टीम की 11 मैचों में आठवीं हार रही।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में पंत ने कहा, “यह शानदार मैच था। सब कुछ अच्छी तरह चल रहा था। हमें पता था कि पावरप्ले में दबाव आएगा। चेन्नई में आप इसी तरह के क्रिकेट की उम्मीद करते हैं। हमें लगा था कि बोर्ड पर पर्याप्त रन हैं। लेकिन फील्डिंग का स्तर बेहतर होना चाहिए था, हमने बहुत कैच छोड़े। उर्विल ने शानदार और अविश्वसनीय पारी खेली, ठीक वैसे ही जैसे इंग्लिस ने हमारे लिए खेला। टीम ने वापसी के लिए चरित्र दिखाया।”
इंग्लिस ने पावरप्ले में सीएसके गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला था और पांच ओवर में एलएसजी का स्कोर बिना विकेट खोए 77 रन पहुंचा दिया था। हालांकि टीम अंत में 203 रन ही बना सकी। पंत ने माना कि उनकी टीम मनचाहा स्कोर नहीं बना पाई।
उन्होंने कहा, “जिस तरह हमने शुरुआत की थी, हम उससे ज्यादा रन बनाना चाहते थे। हमें पता था कि 200-210 अच्छा स्कोर होगा। उन्होंने तेज शुरुआत की, लेकिन हमें पता था कि पावरप्ले के बाद बल्लेबाजी मुश्किल हो जाएगी।”
पंत ने यह भी बताया कि आखिरी ओवर शाहबाज अहमद को न देने का फैसला अनुभव के आधार पर लिया गया था।
उन्होंने कहा, “यह विचार आया था, लेकिन वह बहुत कठिन फैसला था। हमें किसी अनुभवी खिलाड़ी पर भरोसा करना था। एडेन मार्करम ने पहले भी कई बार गेंदबाजी की है। इसलिए हम हर खिलाड़ी पर विश्वास करते हैं।”
हालांकि, आखिरी ओवर में मार्करम 6 गेंदों में 10 रन बचाने में नाकाम रहे और शिवम दुबे ने उन पर दो छक्के जड़ दिए।
प्लेयर ऑफ द मैच उर्विल पटेल ने कहा कि कोचों ने उन्हें केवल सरल क्रिकेट खेलने की सलाह दी थी।
उन्होंने कहा, “कोचों ने मुझसे कहा था कि अपनी शेप बनाए रखो और गेंद को अच्छे से हिट करो। ऋतु (ऋतुराज गायकवाड़) ने सिर्फ इतना कहा कि विकेट थोड़ा नीचे रह रहा है, इसलिए तैयार रहना। उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा और बस मुझे वैसे ही खेलने को कहा जैसा मैं खेलता हूं।”








