आईपीएल 2026: लगातार हार के बावजूद पंजाब किंग्स ने मौजूदा संयोजन पर जताया भरोसा!

लगातार चौथी हार के बावजूद पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाज़ी कोच साईराज बहुतुले ने कहा है कि टीम में कोई बड़े बदलाव नहीं किए जाएंगे। हालांकि उन्होंने माना कि अहम मौकों पर खराब कैचिंग टीम के लिए बड़ी समस्या बन रही है।

पंजाब किंग्स ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज़ में की थी और लगातार छह मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया था। लेकिन इसके बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम का प्रदर्शन गिर गया और टीम अपने पिछले चारों मुकाबले हार चुकी है।

फील्डिंग में हुई गलतियों, खासकर आसान कैच छोड़ने की वजह से टीम को कई अहम मौकों पर नुकसान उठाना पड़ा है। पंजाब ने पिछले दो मैचों में कुल पांच कैच छोड़े हैं।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहुतुले ने कहा, “आज भी दुर्भाग्य से हमने अहम समय पर कुछ कैच छोड़े। हम इस पर जरूर विचार करेंगे, लेकिन हमारे पास ज्यादा समय नहीं है कि हम इसी में उलझे रहें।”

उन्होंने आगे कहा, “यह वही टीम है जिसने इस सीजन में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। हां, हमने कुछ मैच गंवाए हैं, लेकिन हम सिर्फ कुछ खास क्षेत्रों पर ध्यान देंगे। कोई बड़े बदलाव नहीं होंगे क्योंकि लगभग हर खिलाड़ी ने योगदान दिया है।”

सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में पंजाब किंग्स ने दो अहम कैच छोड़े, जिसके बाद अक्षर पटेल ने आक्रामक अर्धशतक लगाकर टीम को तीन विकेट से जीत दिला दी।

बहुतुले ने कहा, “अहम मौकों पर कैच छोड़ना हमारे खिलाफ जा रहा है और इससे जो मोमेंटम हमें मिल रहा होता है, वह टूट जाता है। अगर हमने वे दो कैच पकड़ लिए होते, तो शायद दिल्ली लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाती या उनके लिए यह काफी मुश्किल हो जाता।”

उन्होंने आगे कहा, “हम निश्चित रूप से इस पर काम करेंगे और देखेंगे कि चीजों को अपने पक्ष में कैसे बदला जाए।”

बहुतुले ने माना कि टीम को इस हार से सीख लेने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “इस मैच से सीख लेना बहुत जरूरी है। हमने कुछ अनफोर्स्ड एरर्स किए और हमें उन्हें सुधारना होगा।”