आईपीएल 2026: क्या शुभमन गिल और साई सुदर्शन सबसे महान ओपनिंग जोड़ी हैं?

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने गुजरात टाइटंस के ओपनर्स शुभमन गिल और साई सुदर्शन की “शानदार” निरंतरता की तारीफ करते हुए उन्हें आईपीएल इतिहास की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी जोड़ी बताया।

गिल और सुदर्शन ने आईपीएल की सबसे सफल ओपनिंग साझेदारियों में से एक बनाई है।

पिछले सीजन के शानदार प्रदर्शन के बाद भी गिल और सुदर्शन ने आईपीएल 2026 में अपना रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन जारी रखा। अपनी 10वीं शतकीय साझेदारी के साथ GT की यह ओपनिंग जोड़ी टी20 क्रिकेट इतिहास की खास सूची में शामिल हो गई, जहां उन्होंने क्रिस गेल-विराट कोहली, बाबर आजम-मोहम्मद रिजवान और एबी डिविलियर्स-विराट कोहली जैसी दिग्गज जोड़ियों के रिकॉर्ड की बराबरी की।

रैना ने जियोहॉटस्टार के ‘चैंपियंस वाली कमेंट्री’ शो में कहा, “शुभमन गिल और साई सुदर्शन टाटा आईपीएल इतिहास की सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी जोड़ी हैं। 46 पारियों में उन्होंने 21 बार 50 या उससे अधिक रन की साझेदारी की है।”

“उनके बाद क्रिस गेल और विराट कोहली की जोड़ी आती है, जबकि तीसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स और कोहली हैं। यह गिल और साई की गुणवत्ता को दर्शाता है। दोनों एक-दूसरे के खेल को बेहतरीन तरीके से पूरा करते हैं। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ 46 पारियों में 21 पचास से ज्यादा रन की साझेदारियां कीं — जो आईपीएल इतिहास में सबसे तेज है। गेल और कोहली को यहां तक पहुंचने में 59 पारियां लगी थीं, जबकि एबीडी और कोहली को 76 पारियां लगी थीं।”

रैना ने दोनों की लगातार अच्छी शुरुआत की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी गेम समझ सबसे अलग है।

उन्होंने कहा, “ओपनिंग जोड़ी के रूप में गिल और सुदर्शन की निरंतरता कमाल की है। वे अपनी पारी को समय देकर बनाते हैं, डॉट बॉल्स कम खेलते हैं और एक-दूसरे के खेल को पूरी तरह संतुलित करते हैं। वे सही गेंदबाजों को निशाना बनाते हैं। एक बल्लेबाज गेंदबाज की गति का इस्तेमाल करता है, जबकि दूसरा एंगल का फायदा उठाकर अपने शॉट्स के लिए जगह बनाता है।”

“दोनों बेहद फिट हैं और उनकी गेम अवेयरनेस शानदार है। उन्हें पता है कौन-सा शॉट कब खेलना है और कब अटैक करना है। उनकी सबसे बड़ी ताकत लगातार रन बनाना है। इस सीजन आईपीएल में कोई दूसरी बल्लेबाजी जोड़ी उनकी निरंतरता की बराबरी नहीं कर पाई है।”

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव ने भी गिल-सुदर्शन की जोड़ी की तारीफ की।

उन्होंने कहा, “हमने देखा है कि ये दोनों बल्लेबाज पावरप्ले को कितनी अच्छी तरह संभालते हैं। वे ज्यादा जोखिम वाले शॉट्स नहीं खेलते। वे इतनी सहज बल्लेबाजी करते हैं कि लगता है रन तेजी से नहीं आ रहे, लेकिन जैसे ही पावरप्ले खत्म होता है, आप देखते हैं कि स्कोरबोर्ड पर 60 रन लग चुके होते हैं। यही उनकी क्लास है। वे अपनी ताकत और पिच के स्वभाव के अनुसार बल्लेबाजी करते हैं।”