
कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज़ अंगकृष रघुवंशी पर सोमवार को उनके मैच फीस का 20% जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रविवार को खेले गए मैच में उनके भावनात्मक व्यवहार के कारण की गई।
यह मैच लखनऊ में खेला गया था, जिसमें केकेआर ने सुपर ओवर में जीत हासिल की थी।
आईपीएल के आधिकारिक बयान में कहा गया,
“अंगकृष रघुवंशी, बल्लेबाज़ एवं विकेटकीपर, कोलकाता नाइट राइडर्स, को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच नंबर 38 के दौरान आईपीएल आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने पर 20% मैच फीस का जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है।”
बयान में आगे कहा गया, “रघुवंशी ने आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़े या मैदान के सामान के दुरुपयोग से संबंधित है।”
रघुवंशी “ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड” (फील्ड में बाधा डालने) के कारण आउट होने के बाद काफी गुस्से में नजर आए। उन्होंने पांचवें ओवर में अपने बल्ले से बाउंड्री कुशन पर जोर से प्रहार किया और फिर अपना हेलमेट डगआउट में फेंक दिया।
रघुवंशी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।








