
लखनऊ सुपर जायंट्स ने गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को रोमांचक मुकाबले में हराकर लगातार छह हार का सिलसिला खत्म किया। मैच के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि यह जीत पूरी टीम के लिए बेहद खास है।
पंत ने कहा, “यह हमारे लिए निश्चित तौर पर एक अच्छा मैच था। पूरी टीम के लिए यह जीत बहुत मायने रखती है। हम लगातार कई चीजें आजमा रहे थे। एक ही सोच और दिशा में आना हमारे लिए बहुत जरूरी था। यह सीजन कठिन रहा है, लेकिन कभी-कभी आपको संघर्ष के दौर से गुजरना पड़ता है। हम लंबे समय से ऐसा परफेक्ट मैच खेलना चाह रहे थे जिसमें बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों साथ आएं।”
आखिरी ओवर में 20 रन बचाने के लिए दिग्वेश राठी को गेंद देने के फैसले पर पंत ने कहा, “यह एक कठिन फैसला था। हम दबाव में थे। लेकिन शेफर्ड के खिलाफ राठी सही मैचअप थे।”
एलएसजी की बल्लेबाजी अब लय पकड़ती दिख रही है और टीम के मुख्य बल्लेबाज फॉर्म में लौट रहे हैं। पंत ने मिशेल मार्श की शानदार शतकीय पारी की भी जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, “मार्श की पारी अविश्वसनीय थी। हम जानते हैं कि टीम के तौर पर हमने काफी मेहनत की है। इस सीजन हमारी ताकत गेंदबाजी रही है। जिस तरह गेंदबाजों ने दिल लगाकर प्रदर्शन किया है, वह शानदार है। गेंदबाजी यूनिट के तौर पर कई अच्छी चीजें हुई हैं और हम उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।”
दूसरी ओर, आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि उनकी टीम लक्ष्य हासिल करने की अच्छी स्थिति में थी लेकिन कुछ शॉट पीछे रह गई।
पाटीदार ने कहा, “हमें पूरा भरोसा था कि लक्ष्य का पीछा कैसे करना है। लड़कों ने अच्छी बल्लेबाजी की और जिस तरह मैच को अंत तक ले गए, हम सिर्फ एक-दो शॉट पीछे रह गए। विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा था। गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी। मैच के तुरंत बाद विश्लेषण करना मुश्किल है, हमें थोड़ा समय चाहिए।”
इस हार के साथ आरसीबी अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने का मौका गंवा बैठी।
पाटीदार ने कहा, “हमारे पास अभी चार मैच बाकी हैं। हम एक समय में एक मैच और एक-एक कदम आगे बढ़ने पर ध्यान दे रहे हैं।”
आरसीबी कप्तान ने मिशेल मार्श की 56 गेंदों पर खेली गई 111 रन की शानदार पारी की भी तारीफ की, जिसने एलएसजी के बड़े स्कोर की नींव रखी।
उन्होंने कहा, “मिशेल मार्श की बल्लेबाजी बेहद खूबसूरत थी। उन्होंने हमें लगातार दबाव में रखा। पावरप्ले के बाद मैं थोड़ा उलझन में था कि मार्श के खिलाफ किस गेंदबाज को लगाया जाए। हमारी बल्लेबाजी में भी शानदार इरादा दिखा। सभी बल्लेबाज आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और अच्छी मानसिक स्थिति में हैं।”








