
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) ने दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने PSL टीम के साथ कॉन्ट्रैक्ट होने के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का फैसला किया।
मुजरबानी को इस्लामाबाद यूनाइटेड ने रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर साइन किया था, लेकिन बाद में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेलने का मौका मिला। इसके चलते उन्होंने PSL छोड़कर IPL का रुख कर लिया।
PSL ने अपने बयान में कहा, “फ्रेंचाइज़ी आधारित लीग में प्रोफेशनलिज़्म के लिए पारदर्शिता और निरंतरता जरूरी है। पहले से मौजूद अनुबंध के बावजूद किसी दूसरी लीग से जुड़ना खेल के मानकों के खिलाफ है।
यदि इस तरह के व्यवहार पर कार्रवाई न की जाए तो इससे फ्रेंचाइज़ी, नियामकों और अन्य संबंधित पक्षों का भरोसा कमजोर होता है। यही वजह है कि इस गंभीर उल्लंघन को देखते हुए दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है।”
मुजरबानी ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। आईपीएल में KKR के लिए खेलते हुए उन्होंने अब तक दो मैचों में हिस्सा लिया है और ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चार विकेट लेकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया।








