
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न की मौत एक बार फिर चर्चा में आ गई है। उनके बेटे जैक्सन वॉर्न ने दावा किया है कि उनके पिता की मौत में कोविड-19 वैक्सीन की भूमिका हो सकती है।
जैक्सन ने “2 Worlds Collide” पॉडकास्ट में कहा कि उनके पिता को काम के कारण “तीन या चार” कोविड वैक्सीन डोज लेने पड़े थे और उनका मानना है कि इसका असर उनकी सेहत पर पड़ा।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके पिता को कुछ पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। 2022 में थाईलैंड में 52 वर्ष की उम्र में शेन वॉर्न का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
जैक्सन ने कहा, “मुझे लगता है कि इसमें (कोविड वैक्सीन) का हाथ था। अब यह कहना विवादास्पद भी नहीं लगता। अगर पापा को पहले से कोई समस्या थी, तो वैक्सीन ने उसे और उभार दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “जब मुझे उनके निधन की खबर मिली, तो मैंने तुरंत सरकार, कोविड और वैक्सीन को जिम्मेदार ठहराया।”
जैक्सन ने बताया कि अंतिम संस्कार के दौरान भी वह अपनी भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर पा रहे थे, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला।
उन्होंने कहा, “पहले भी लोग हार्ट अटैक से मरते थे, लेकिन पापा ठीक थे। उन्होंने शायद तीन या चार वैक्सीन ली थीं, जो वह लेना नहीं चाहते थे, लेकिन काम के कारण उन्हें मजबूर किया गया।”
हालांकि, जैक्सन ने यह भी माना कि इस बारे में ज्यादा सोचने से गुस्सा बढ़ता है, जो किसी के लिए अच्छा नहीं है।
उन्होंने अपने पिता की जीवनशैली पर भी बात की और कहा कि भले ही वह धूम्रपान और शराब का सेवन करते थे, लेकिन कुल मिलाकर उनकी सेहत ठीक थी।
“पापा उस समय खुश थे, स्वस्थ दिख रहे थे। हां, वह स्मोकिंग और ड्रिंक करते थे, लेकिन बहुत से लोग 80-90 साल की उम्र में भी ऐसा करते हैं।”
बताया गया कि अपने निधन से कुछ महीने पहले वॉर्न को इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ के दौरान कोविड हुआ था, लेकिन उनकी मौत के समय कोई गंभीर बीमारी सामने नहीं आई थी।
यह मामला अब फिर से चर्चा में है, हालांकि इस दावे पर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।








