
भारत के खिलाफ पहली बार किसी द्विपक्षीय वनडे सीरीज में उतर रही अफगानिस्तान की टीम को अपने स्टार स्पिनरों पर पूरा भरोसा है। कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी का मानना है कि राशिद खान की अगुवाई वाली स्पिन तिकड़ी भारत के खिलाफ इतिहास रच सकती है और टीम को सभी प्रारूपों में भारत पर पहली जीत दिला सकती है।
अफगानिस्तान शनिवार को धर्मशाला में शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ 2027 विश्व कप की तैयारियों का आगाज करेगा। पहले वनडे से पहले शाहिदी ने कहा कि उनकी टीम मजबूत मेजबान भारत को चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार है और उन्हें उम्मीद है कि राशिद खान, एएम गजनफर और अनुभवी मोहम्मद नबी की स्पिन तिकड़ी भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी करेगी।
शाहिदी ने कहा, “हमें इस मैदान पर खेलने का अनुभव है। हमने 2023 विश्व कप में यहां बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेला था और मुझे वह अभी भी याद है। मुझे लगता है कि भारतीय परिस्थितियों में, खासकर जब मौसम गर्म होता है, तो विकेट स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल होते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि हमारा सबसे बड़ा फायदा हमारे स्पिनर होंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “बेशक, हर कोई जानता है कि वनडे क्रिकेट में भारत एक बहुत मजबूत टीम है। पिछली बार वे विश्व कप के फाइनल तक पहुंचे थे। हम भी यहीं से अपने विश्व कप सफर की शुरुआत कर रहे हैं। हालांकि अभी कोई नहीं बता सकता कि कौन-सी टीमें विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी, लेकिन हम फिलहाल आईसीसी वनडे रैंकिंग में सातवें स्थान पर हैं।”
शाहिदी ने अक्टूबर-नवंबर 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए यह भी कहा कि उनकी टीम लगातार प्रगति कर रही है और बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास रखती है।
हालांकि भारत ने हाल ही में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पूरी तरह मात दी थी, लेकिन अफगान टीम भारत के खिलाफ इस सीरीज में उतरने से पहले अपनी पिछली पांच वनडे सीरीज के प्रदर्शन से काफी आत्मविश्वास हासिल कर चुकी है।








