
एशिया कप 2025 फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी रिपोर्टर को अपने चुटीले जवाब से चुप करा दिया। भारत ने पाकिस्तान को टूर्नामेंट में तीसरी बार मात देकर खिताब जीता, लेकिन इस बार क्रिकेट से ज़्यादा विवाद सुर्ख़ियों में रहे।
भारत और पाकिस्तान के पहले मैच के बाद से ही विवाद शुरू हुआ जब सूर्यकुमार और भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। फाइनल के बाद भी भारतीय टीम ने एशिया कप ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया क्योंकि एसीसी और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी वहाँ मौजूद थे। पाकिस्तान कप्तान सलमान आगा ने यहाँ तक कह दिया कि भारतीय टीम ने क्रिकेट का अपमान किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पाकिस्तानी रिपोर्टर ने सूर्यकुमार से पूछा: “आज आप चैंपियन हैं, आपने शानदार खेला। लेकिन सवाल यह है कि पूरे टूर्नामेंट में आपका पाकिस्तान टीम के प्रति रवैया देखा गया — आपने हाथ नहीं मिलाया, ट्रॉफी फोटोशूट में हिस्सा नहीं लिया, फिर राजनीतिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। क्या आपको लगता है कि क्रिकेट के इतिहास में आप पहले कप्तान हैं जिन्होंने राजनीति को क्रिकेट में लाया?”
सवाल पूरा होने से पहले ही मीडिया सलाहकारों ने सूर्यकुमार से जवाब न देने को कहा। तभी भारतीय कप्तान ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में रिपोर्टर को जवाब दे डाला।
सूर्यकुमार मुस्कुराते हुए बोले: “जवाब दूँ या नहीं? आप गुस्सा हो रहे हो। मुझे तो आपका सवाल समझ भी नहीं आया — आपने एक साथ चार सवाल पूछ लिए।”
इस मज़ेदार जवाब पर मीडिया रूम ठहाकों से गूंज उठा।
मैच के बाद सूर्यकुमार ने भावुक अंदाज़ में घोषणा की कि वह अपनी एशिया कप की पूरी मैच फीस भारतीय सेना को दान करेंगे।
“मैं व्यक्तिगत तौर पर इस टूर्नामेंट (सभी मैचों) की अपनी पूरी मैच फीस भारतीय सेना को देना चाहता हूँ।”








